
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर बोले—राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले पहले बलिदानी थे डॉ. मुखर्जी; धारा 370 हटाकर प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा किया उनका संकल्प
सागर/खुरई, 12 सितंबर 2026।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आजादी के बाद राष्ट्र की अखंडता के लिए प्राण देने वाले पहले बलिदानी थे। वे देश के लिए जिए और देश के लिए मृत्यु का वरण किया। उनका जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह बात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने खुरई में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक विधान, एक प्रधान और एक निशान का संकल्प लिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर उनके इस संकल्प को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जिस कश्मीर में कभी तिरंगा फहराना चुनौती माना जाता था, आज वहां के कोने-कोने में गर्व के साथ तिरंगा लहरा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि जिस देश की आजादी के लिए भगत सिंह जैसे क्रांतिकारी वंदेमातरम् गाते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए, उसी देश में पूरा वंदेमातरम् गाने के लिए 75 वर्ष लग गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा वंदेमातरम् गाने के लिए कानून बनाया गया।
कश्मीर की एकता के लिए डॉ. मुखर्जी ने किया था संघर्ष
श्री तोमर ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने धारा 370 हटाने के विचार को लेकर महज पांच लोगों के साथ राजनीतिक पार्टी खड़ी की थी। उनके द्वारा बोया गया राष्ट्रवादी विचार आज देश की मुख्यधारा में दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ऐसे प्रतिभावान व्यक्तित्व थे, जो मात्र 32 वर्ष की आयु में उस दौर के देश के सबसे बड़े कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति चुने गए थे। इसके बावजूद उनके मन में राष्ट्रभक्ति का भाव सर्वोपरि था। उन्होंने मां भारती की गुलामी की बेड़ियां काटने के लिए अपना सब कुछ त्यागकर संघर्ष का रास्ता चुना।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए डॉ. मुखर्जी ने आंदोलन किया, जेल गए और जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हुई। उनका बलिदान देश की एकता और अखंडता के इतिहास में सदैव स्मरण किया जाएगा।
प्रतिमा अनावरण को बताया ऐतिहासिक अवसर
नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि खुरई में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा की स्थापना और विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि पार्क में संत शिरोमणि रविदास महाराज और राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करने का अवसर उनके लिए भावुक करने वाला क्षण था।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण केवल प्रतिमा स्थापित करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने खुरई की जनता, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक वर्ष 6 जुलाई को डॉ. मुखर्जी की जयंती और 23 जून को पुण्यतिथि पर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर उनके जीवन और विचारों को जानें तथा राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने का संकल्प लें।
भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों की सराहना
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि संघर्ष और परिश्रम से तपकर निकला कार्यकर्ता ही अपने क्षेत्र की तस्वीर बदलने का सामर्थ्य रखता है। उन्होंने कहा कि भूपेन्द्र सिंह ने लंबे राजनीतिक जीवन में संघर्ष और परिश्रम के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं।
उन्होंने खुरई में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास की दिशा में लगातार काम हुआ है। नवीन नगर पालिका भवन और नागरिक सुविधाओं के लिए किए गए कार्य इस बात के प्रमाण हैं कि विकास के साथ जनसुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
भूपेन्द्र सिंह बोले—डॉ. मुखर्जी का संघर्ष राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए था
पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के करकमलों से विकास की एक और सौगात मिली है। उन्होंने श्री तोमर के राजनीतिक जीवन को संघर्ष, संगठन क्षमता, प्रशासनिक अनुभव और सरलता का उदाहरण बताया।
श्री सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस राष्ट्रवादी विचारधारा का बीजारोपण किया, उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के सिद्धांत से आगे बढ़ाया और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने संवाद एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संघर्ष केवल राजनीतिक सफलता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान और देश की एकता के लिए था। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और इसके लिए डॉ. मुखर्जी ने अपना जीवन समर्पित किया।
₹12 करोड़ से बने नगर पालिका भवन का लोकार्पण
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि खुरई में लगभग ₹12 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन नगर पालिका भवन का लोकार्पण भी विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया। भवन का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि खुरई में महापुरुषों के प्रति सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।
बंडा शराब कांड के मृतकों को दी श्रद्धांजलि
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बंडा में हुई दुखद घटना के कारण कार्यक्रम में स्वागत को लेकर सादगी बरती गई। प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए फूल-माला, पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और बैंड-बाजे का आयोजन नहीं किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बंडा विकासखंड में शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सांसद लता वानखेड़े ने की विकास कार्यों की सराहना
सांसद डाॅ. लता वानखेड़े ने कहा कि पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह का पूरा चिंतन खुरई के विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने खुरई में सर्वांगीण विकास कर क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि खुरई में निर्मित नवीन नगर पालिका भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसके अलावा विभिन्न पार्कों में देश के महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत के लिए किए गए बलिदान को अविस्मरणीय बताया।
युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने का संदेश
युवा नेता अविराज सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को युगद्रष्टा बताते हुए कहा कि उनके राष्ट्रवादी विचारों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के सिद्धांत से आगे बढ़ाया। उन्होंने व्यक्ति, परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास का ऐसा दर्शन दिया, जिसमें भारतीय संस्कृति, संस्कार, परंपराओं और जीवन मूल्यों को राष्ट्र निर्माण का आधार माना गया।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र प्रथम, कर्तव्य, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। चरित्र, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, सेवा और नवाचार के माध्यम से युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
₹22 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कुल ₹22 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें ₹12 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन नगर पालिका भवन सहित मिडवे रिट्रीट और गुरु तेग बहादुर चौराहे के विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह तथा सांसद लता वानखेड़े के साथ खुली जीप में सवार होकर नगर के मुख्य मार्गों से निकले। इस दौरान खुरईवासियों ने विभिन्न स्थानों पर काफिले को रोककर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में विधायक देवरी बृजबिहारी पटैरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, खुरई नगरपालिका अध्यक्ष नन्हींबाई अहिरवार, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जिनेंद्र गुरहा, अविराज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











