बीएमसी पहुंचे मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, मरीजों और परिजनों से की मुलाकात; बोले- किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा

दूषित शराब पीड़ित परिवारों को तीन दिन में मिलेगी मुआवजा राशि, तीन मरीज भोपाल एम्स भेजे गए

सागर, 14 सितंबर 2026। बंडा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों के उपचार और पीड़ित परिवारों की स्थिति जानने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार की स्थिति के संबंध में चर्चा की।
मंत्री ने कहा कि बंडा क्षेत्र की यह घटना बेहद गंभीर और दुखद है। सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तीन दिन में पीड़ित परिवारों के खातों में पहुंचेगी मुआवजा राशि
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि दूषित शराब के सेवन से जिन लोगों की मृत्यु हुई है अथवा जो लोग प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के अंदर मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन पीड़ितों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इस संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाना है, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आंखों में गंभीर परेशानी वाले तीन मरीज भोपाल एम्स भेजे गए
बीएमसी के निरीक्षण के दौरान मंत्री को जानकारी मिली कि सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर परेशानी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने तत्काल तीनों मरीजों को बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई।
मंत्री ने भोपाल एम्स के चिकित्सकों से दूरभाष पर चर्चा कर मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद तीनों मरीजों को तत्काल भोपाल भेजा गया।
राजपूत ने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को प्रदेश के किसी भी बेहतर चिकित्सा संस्थान में उपचार उपलब्ध कराया जाएगा और सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखेगी।
शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, दोषियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
दिग्विजय सिंह के बयानों पर मंत्री का पलटवार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा बंडा की घटना को लेकर की गई टिप्पणियों पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह को उनकी पार्टी का हाईकमान और कांग्रेस गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए दिग्विजय सिंह लगातार ट्वीट कर बयानबाजी करते रहते हैं।
राजपूत ने दिग्विजय सिंह को “ट्वीट मास्टर” बताते हुए कहा कि वे बिना शहद के छत्ते की तरह हैं, जिसमें न शहद बचा है और न मधुमक्खियां।
जीतू पटवारी को भी दी नसीहत
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयानों पर मंत्री ने कहा कि अभी उनमें राजनीतिक बचपना है और उन्हें गंभीर मामलों में और अधिक गंभीरता दिखाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है। ऐसे समय में राजनीति करने के बजाय सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होकर उन्हें राहत पहुंचाने के लिए काम करना चाहिए।
25 साल की राजनीति में जुआ, सट्टा और शराब का समर्थन नहीं किया
अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई देते हुए गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने और उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया।
उन्होंने कहा कि न तो ऐसे लोगों को संरक्षण दिया गया और न ही किसी प्रकार की मदद की गई। उन्होंने कहा कि राजनीति में रोजाना हजारों लोग मिलते हैं। लोग माला पहनाते हैं, फूल देते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। केवल किसी व्यक्ति के साथ फोटो होना या उसके द्वारा माला पहनाए जाने का मतलब यह नहीं है कि उससे किसी प्रकार की घनिष्ठता है या उसे संरक्षण दिया गया है।
मंत्री ने दोहराया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
जल्द होगी समीक्षा बैठक
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द ही समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में घटना की पूरी स्थिति, अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार, पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता तथा आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पीड़ितों को बेहतर उपचार, प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

Leave a Comment

Read More