
हरियाणा के चुनाव परिणाम सकारात्मक राजनीति और विकासपरक नीतियों की स्वीकृति का प्रमाण -पूर्वमंत्री भूपेंद्र सिंह
सागर। हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा संगठन की अभूतपूर्व उपलब्धि है। हरियाणा व जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनाव परिणामों से यह एक बार पुनः सिद्ध हुआ है कि देश की जनता का अटूट विश्वास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा की विकासपरक नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर है। यह विचार पूर्व गृहमंत्री, वरिष्ठ विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया में व्यक्त किए हैं।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विपक्षी नेताओं के खोखले वायदों और दिशाविहीन चुनाव अभियान को हरियाणा की विवेकवान जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है। जिस तरह के झूठे,आधारहीन आरोपों और काल्पनिक वायदों पर विपक्षी नेता जनता को भ्रमित करना चाहते थे उसे जनता ने नकार दिया है। पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि जनता सिर्फ विकास चाहती है और यह भी समझ चुकी है कि विकास के लिए राजनैतिक स्थिरता जरूरी है। भाजपा की सरकार ने विकास और सांस्कृतिक मूल्यों का जिस तरह से संरक्षण और संवर्धन किया है उसे जनता की स्वीकृति मिली है। जनता ने प्रमुख विपक्षी नेताओं को एक बार फिर आत्मावलोकन कर यह सोचने को मजबूर किया है कि अब सृजनात्मक, रचनात्मक और विकासपरक राजनीति का युग है।
पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के नतीजों से पता चलता है कि वहां सभी तरह की प्रतिकूलताओं के बावजूद भाजपा की विचारधारा की स्वीकार्यता बढ़ी है। धारा 370 हटाए जाने के एतिहासिक रूप से परिवर्तनकारी निर्णय से वहां शांति और विकास का सूरज निकला है उसे जनता ने सराहा है। जम्मू-कश्मीर में पहली बार इतने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक वातावरण में चुनाव संपन्न होना अपने आप में बड़ी सफलता है। आने वाले दौर में एक समय वह भी आएगा जब जम्मू-कश्मीर में जातिवाद संप्रदायवाद कट्टरता की राजनीति का अंत होगा और भाजपा का कमल कश्मीर घाटी में भी अपनी पूरी आभा के साथ खिलेगा। श्री सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर अतीत में जैसी परिस्थितियों से गुजरा है उसे देखते हुए वर्तमान चुनाव परिणाम सकारात्मक कहे जाने चाहिए।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने हरियाणा के चुनाव परिणामों के लिए वहां की जनता, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा संगठन के नेतृत्व और हजारों हजार समर्पित कार्यकर्ताओं सहित चुने गए सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई दी है।











