विकास और जनसरोकारों को मिली नई गति : मकरोनिया में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, मेनपानी में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं विद्यार्थियों को साइकिल वितरण

विकास और जनसरोकारों को मिली नई गति : मकरोनिया में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, मेनपानी में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं विद्यार्थियों को साइकिल वितरण

सागर/16 जुलाई 2026 नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने गुरुवार को मकरोनिया एवं ग्राम मेनपानी में विकास एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों को अनेक सौगातें प्रदान कीं। उन्होंने मकरोनिया के वार्ड क्रमांक-9 (रजाखेड़ी) में 49.64 लाख रुपये की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया, वहीं मेनपानी में 37.50 लाख रुपये की लागत से पंचायत भवन तथा 4 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर विधायक  लारिया ने कहा कि विकास केवल अधोसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा के सशक्तीकरण से ही समाज का समग्र उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि मकरोनिया बीते वर्षों में योजनाबद्ध विकास के कारण सागर जिले के सबसे तेजी से विकसित हो रहे उपनगरों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और आगे भी नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

मेनपानी में विधायक  लारिया ने शासन की निःशुल्क साइकिल योजना के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल के 46 एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय के 15 पात्र विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कीं तथा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने निर्माणाधीन हाई स्कूल बाउंड्री वॉल का निरीक्षण कर विद्यालय परिसर में स्टेज पर शेड निर्माण की घोषणा भी की।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़कें गांव के विकास की दिशा तय करती हैं, जबकि शिक्षा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य निर्मित करती है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गांवों में आधारभूत अधोसंरचना के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इन संयुक्त अवसर पर नपाध्यक्ष मिहीलाल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन शर्मा, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण, सीईओ जनपद सागर भूपेन्द्र अहिरवार, सीईओ मयंक नेमा, पंचायत एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, शाला परिवार, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More