सागर: बड़ा बाजार रामबाग मंदिर से आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, अंतिम चरण में तैयारियां

सागर: बड़ा बाजार रामबाग मंदिर से आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, अंतिम चरण में तैयारियां

सागर। आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर 16 जुलाई (गुरुवार) को सागर शहर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र (बलदाऊ) और बहन सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। बड़ा बाजार स्थित रामबाग मंदिर से भगवान आकर्षक फूलों से सजे रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। रथ यात्रा को लेकर मंदिर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

मंदिर के महंत घनश्याम दास महाराज ने बताया कि रथ यात्रा गुरुवार शाम 6 बजे रामबाग मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा चमेली चौक, मोतीनगर, राहतगढ़ बस स्टैंड, विजय टॉकीज और तीन बत्ती होते हुए पुनः रामबाग मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के समापन पर भगवान को मालपुए का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की जाएगी।

महंत ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथ यात्रा में शामिल होने से भक्तों के जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है और भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान 15 दिनों तक अस्वस्थ रहते हैं। इस दौरान श्रद्धालु उनकी सेवा करते हैं और औषधीय काढ़ा अर्पित करते हैं। स्वस्थ होने के बाद भगवान अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलते हैं।
इधर, गोपालगंज स्थित वृंदावन बाग मठ मंदिर से भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment

Read More