
बच्चे के स्कूल बैग में निकली नागिन, मचा हड़कंप
शिक्षक ने सूझबूझ से पकड़ा सांप, जंगल में छोड़ा सुरक्षित
सागर। रहली ब्लॉक अंतर्गत चांदपुर प्राथमिक स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बच्चे के स्कूल बैग में नागिन दिखाई दी। रोज की तरह कक्षा में पढ़ाई चल रही थी, तभी कुछ बच्चों की नजर बैग में मौजूद सांप पर पड़ी। सांप दिखाई देते ही बच्चे घबराकर बैग छोड़कर दूर हट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में पदस्थ शिक्षक अभय यादव तत्काल कक्षा में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शिक्षक ने बेहद सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक बैग से नागिन को बाहर निकाला और बिना उसे कोई नुकसान पहुंचाए डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया।
इसके बाद शिक्षक अभय यादव ने नागिन को जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया। शिक्षक की तत्परता और साहस से किसी भी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचा और बड़ी घटना टल गई।
शिक्षक अभय यादव के इस साहसिक और मानवीय कदम की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है और लोग उनकी सूझबूझ व सतर्कता की जमकर सराहना कर रहे हैं।











