
(नरयावली विधायक ने सांईंखेड़ा और बम्होरीबीका में उप- स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का किया भूमिपूजन, बढ़ेगी स्वास्थ्य सुविधाऐं)
सागर/19.10.2024
नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने शनिवार को सांईंखेड़ा और बम्होरीबीका ग्राम में 65-65 लाख रु. से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का भूमिपूजन सह शिलान्यास किया। विधायक लारिया के पहुंचने पर ग्रामवासियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सरपंचगण उपस्थित हुए।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि लोगों को जीवन जीने के लिए पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की बहुत अधिक जरूरत होती है। वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार की ओर से पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में विकास के नये आयाम गढ़े जा रहे है। क्षेत्र का कोई भी नागरिक इलाज और दवाइयों के अभाव में जान जोखिम में ना डालें इसके लिए सांईंखेड़ा और बम्होरी बीका में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का भूमिपूजन आप सभी की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न किया जा रहा है। 65-65 लाख रु. से निर्मित होने वाले इन उप स्वास्थ्य केंद्रों में सीएचओ एवं एएनएम आवास गृह बाउंड्रीवाल सहित निर्मित होंगें। इन उप स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से बीपी, शुगर, खून की जांच, गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण होगा और 126 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध रहेगी।
विधायक लारिया ने कहा कि क्षेत्र में स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो इसके लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे है। उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण होने से स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा होगा। अब आसपास के गांव के लोगों को छोटी-छोटी बीमारी का इलाज कराने ब्लॉक और जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।











