
विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा संकल्प -विधायक लारिया
(83 लाख रू.से मकरोनिया में मुख्य पथ का चौड़ीकरण, डिवाईडर निर्माण और मकरोनिया चौराहे के पुनर्विकास से विकास को मिलेगी नई दिशा,सांसद एवं विधायक ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन)
सागर/02.05.2025
मकरोनिया के विकास में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को सागर सांसद डॉ.लता वानखेड़े के साथ 83 लाख रू.की लागत राशि से मकरोनिया चौराहे से पैराडाइज होटल तक के मुख्य पथ का चौड़ीकरण और डिवाईडर निर्माण एवं मकरोनिया चौराहे का पुनर्विकास कार्य का भूमिपूजन मकरोनिया नपा अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण,
भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधिगण,नगरवासियों एवं नपा अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति में हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक पूजा अर्चना से हुआ इसके पश्चात विकास कार्यों की नींव रखी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ.वानखेड़े ने कहा कि देश में डबल इंजन की सरकार होने से विकास को नये पंख मिले हैं। नरयावली विधानसभा इसी श्रंखला में विकास के नित नऐ सौपानों को तय कर रहा है। आज हम सभी विकास के इस उत्सव के साक्षी बने है। आज मकरोनिया नगर पालिका में 83 लाख रू.की राशि से सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण एवं मकरोनिया चौराहे का पुनर्विकास होने से नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। मकरोनिया आधुनिक नगर के रूप में पहचान स्थापित कर रहा है। नरयावली विधानसभा धार्मिक क्षेत्र एवं विकास के अग्रणीय पथ पर अग्रसर हो रहा है। आज का यह कार्यक्रम संकल्प से सिद्धि का भी प्रमाण है।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लारिया ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में नरयावली विधानसभा में लगातार विकास कार्य हो रहे है। इसी श्रंखला में मकरोनिया चौराहे से पैराडाइज होटल तक के मुख्य पथ पर 48 लाख रू.की लागत से 1400 मीटर लंबी सड़क के दोनों तरफ दो-दो मीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा। वर्तमान में यह सड़क 12 मीटर चौड़ी है, चौड़ीकरण उपरांत यह सड़क 16 मीटर चौड़ी हो जाएगी। इसके साथ ही मकरोनिया चौराहे से पैराडाइज होटल तक 25.05 लाख रुपए की लागत से 1600 मीटर लंबाई एवं 1.00 मीटर ऊंचाई के डिवाईडर का निर्माण होगा और मकरोनिया चौराहे के पुनर्विकास के तहत 9.95 लाख रू.लागत से नो स्टापिंग जोन,जेब्रा क्रांसिंग, आई लैण्ड निर्माण एवं साईनेज लगाने का कार्य सहित कुल 83 लाख रू.लागत के निर्माण कार्य होने से मकरोनिया विकास को नई दिशा मिलेगी। नागरिकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। मकरोनिया में जाम की स्थिति से निजात मिलेगी। यह मकरोनिया की सुंदरता और आधुनिकता में भी वृद्धि करेगा। सतत् प्रयासों से मकरोनिया को आधुनिक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है जिससे यह एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक मॉडल नगर के रूप में जाना जाऐ। विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा संकल्प है।











