
झील पेरीफेरी में बन रहे वॉलीबॉल कोर्ट आदि स्पोर्ट्स एरिया में लाइटिंग का विशेष ध्यान रखें : कलेक्टर दीपक आर्य
कलेक्टर दीपक आर्य ने लाखा बंजारा झील कायाकल्प प्रगतिकार्यों की आयोजित समीक्षा बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
झील किनारे ओपन एयर थिएटर निर्माण एवं म्यूजिकल फाउंटेन इंस्टॉलेशन कार्य हुआ लगभग पूर्ण
दिनांक 6 फ़रवरी 2024 दिन मंगलवार को कलेक्टर सह अध्यक्ष सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड दीपक आर्य ने सागर स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित लाखा बंजारा झील के कायाकल्प अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने झील कायाकल्प अंतर्गत शेष बचे छोटे-मोटे सभी प्रगतिकार्यों की बिंदुवार समीक्षा करने के पश्चात निर्देशित करते हुए कहा की नागरिकों की सुविधा के लिए झील किनारे तैयार किये जा रहे वॉलीबॉल कोर्ट आदि विभिन्न स्पोर्ट्स एरिया में लाइटिंग का विशेष ध्यान रखें ताकि रात्रि में भी खेलों का आयोजन किया जा सके और नागरिक झील किनारे डे-नाईट स्पोर्ट्स मैच का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा की नागरिकों को झील किनारे हरियाली युक्त हैल्दी वातावरण में मॉर्निग वॉक एवं इवनिंग वॉक आदि की बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु लगभग 5.5 किलोमीटर पाथवे तैयार किया गया है पाथवे के आस-पास जिन स्थलों पर सिविल निर्माण आदि कार्य पूरे किये जा चुके हैं वहां पाथवे को पूरी तरह से क्लीन कराएं और प्लांटेशन, लेण्डस्केपिंग, लाइटिंग आदि से सुसज्जित बनाएं। कलेक्टर श्री दीपक आर्य ने झील किनारे बनाएं गए ओपन एयर थिएटर और म्यूजिकल फाउंटेन शो, घाट निर्माण, छतरी निर्माण, एसटीपी निर्माण आदि प्रगतिकार्यों की जानकारी इंजीनियरों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से ली। इंजीनियरों ने बताया की ओपन एयर थिएटर का निर्माण एवं म्यूजिकल फाउंटेन इंस्टॉलेशन कार्य, फ़ूडकोर्ट निर्माण, गेट निर्माण कार्य पूरा किया गया है। स्थल उपलब्धतानुसार बच्चों के खेल उपकरण स्थापित कर चाइल्ड प्ले एरिया बनाने का कार्य प्रगतिरत है। एसटीपी प्लांट निर्माण कार्य लगभग पूर्ण है इसमें वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट मशीनों का इंस्टॉलेशन करने हेतु मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल कार्य प्रगतिरत हैं। एक छतरी का निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है। कलेक्टर दीपक आर्य ने घाट एवं अन्य छोटे-मोटे शेष बचे सभी प्रगतिकार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सागर स्मार्ट सिटी कार्यपालन यंत्री विद्युत अभिषेक सिंह राजपूत, सहायक यंत्री पुष्पेन्द्र द्विवेदी, गुल्शन देशमुख, पीएमसी टीमलीडर एवं एक्सपर्ट सहित निर्माण एंजेंसी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।











