धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरियों से पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरियों से पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल।

सागर जिले में हुई सभी चोरी की घटनाओं पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग।

सागर जिले में पिछले कुछ समय से धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी एवं सेंधमारी की घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।इन घटनाओं से श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था आहत हुई है तथा आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हुआ है।मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों को लगातार निशाना बनाया गया है।बंडा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर भगवान के चांदी के मुकुट,चांदी के छत्र,सोने का हार, कन्हैया जी की बांसुरी तथा दानपेटी से हजारों रुपये नकद चोरी कर लिए। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम बीना बारहा (खैरी रोड) स्थित हनुमान मंदिर से पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए। खुरई न्यायालय परिसर स्थित दंडनायक हनुमान मंदिर एवं भूतेश्वर मंदिर में दानपेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी की गई।वहीं थाना बहरोल क्षेत्र अंतर्गत धामोनी दरगाह की तिजोरी तोड़कर कई बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया,लेकिन इन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इसके साथी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाए घटित हुई है।श्री चौधरी ने कहा कि लगातार हो रही इन घटनाओं से स्पष्ट है कि अपराधियों में पुलिस का भय नही रह गया है।धार्मिक स्थल समाज की आस्था और विश्वास के केंद्र हैं। ऐसे स्थानों पर होने वाली चोरी की घटनाएं केवल संपत्ति की चोरी नहीं,बल्कि सभी वर्गों की धार्मिक भावनाओं पर भी सीधा आघात हैं।उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सागर जिले में पिछले दिनों मंदिरों, दरगाहों तथा अन्य सभी धार्मिक स्थलों पर हुई चोरी एवं सेंधमारी की घटनाओं पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी किया जाए।श्वेत पत्र में प्रत्येक घटना का विवरण,पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति,बरामदगी की जानकारी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए बनाई गई कार्ययोजना सार्वजनिक की जाए।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने यह भी मांग उठाई हैं कि जिले के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए, संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं,रात्रिकालीन पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धार्मिक स्थलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को बाध्य होगीजिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला व पुलिस प्रशासन की होगी।

Leave a Comment

Read More