नशे के खिलाफ सागर पुलिस और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल, बनाई जागरूकता शॉर्ट फिल्म

नशे के खिलाफ सागर पुलिस और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल, बनाई जागरूकता शॉर्ट फिल्म
सागर। जिले में चल रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान को अब रचनात्मक सहयोग भी मिल रहा है। डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के संचार एवं पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने सागर पुलिस के सहयोग से नशे के खिलाफ एक प्रभावशाली जागरूकता शॉर्ट फिल्म तैयार की है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक सागर  अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में जिलेभर में नशामुक्ति को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई यह शॉर्ट फिल्म विशेष रूप से युवाओं और स्कूली विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करती है। फिल्म के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया है।
फिल्म का निर्माण डॉ. विवेक जायसवाल, समर्थ दीक्षित (मैनेजर, डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय) एवं डॉ. पंकज तिवारी, निदेशक, EMMRC के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया।
फिल्म निर्माण में सक्षम सेठ, रितेश कुशवाहा, मोहम्मद जुबेर, मोहम्मद ज़ैद, अनीश भारद्वाज, रोहित के. खंगार एवं राधा लोधी ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने अभिनय, प्रस्तुतीकरण और रचनात्मक कौशल के माध्यम से नशे के खिलाफ एक सशक्त सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया है।
सागर पुलिस ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज, शिक्षण संस्थानों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है। जागरूकता पर आधारित ऐसी लघु फिल्में युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से जुड़ें, स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक कर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Comment

Read More