
झूठ की दुकान है कांग्रेस और उनके नेता राहुल गांधी कांग्रेस 1950 से जब तक सरकार में रही, तब तक लगातार संविधान में संशोधन किए:–मुख्यमंत्री
- 70 सालों तक अड़ंगे लगाए, गरीबी दूर नहीं कर पाए, अब जनता से झूठ बोल रहे हैं
- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सूर्य की तरह देशवासियों के लिए तप रहे हैं
– भाजपा की सरकार ने बीमारू मध्यप्रदेश को उन्नतशील राज्य बनाया
बीना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती लता वानखेड़े के समर्थन में बीना व मालथौन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके नेता राहुल गांधी झूठ की दुकान है। वे जब भी बोलते हैं तो झूठ ही बोलते हैं। आजादी के बाद कांग्रेस ने 70 साल तक देश की भलाई में हमेशा अड़ंगे लगाए। गरीबी दूर नहीं कर सके। अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सूर्य की तरह देशवासियों के लिए तप रहे हैं। भाजपा की सरकार ने बीमारू मध्यप्रदेश को उन्नतिशील, प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है।
कांग्रेस के शासनकाल में हुए सबसे ज्यादा संविधान में संशोधन –
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता कह रहे हैं कि भाजपा सत्ता में आई तो संविधान बदल देगी, लेकिन यह सबको पता है कि आजादी के बाद 1950 से लेकर जब तक कांग्रेस की सरकार रही। इन्होंने कई बार संविधान में संशोधन किए। कांग्रेस की सरकार में 1950 से लेकर लगभग 17 बार तो जवाहरलाल नेहरू ने संविधान में संशोधन किया। इसके बाद स्व. लालबहादुर शास्त्री जी ने 3 बार, स्व. इंदिरा गांधी ने 29 बार, स्व. राजीव गांधी ने भी 10 बार संविधान में संशोधन किया था। इसके बाद सोनिया गांधीजी ने भी पीछे से सरकार चलाई। वे भी कई बार संविधान में संशोधन लेकर आई। नरसिम्हा राव जी की सरकार में भी संविधान में संशोधन किए गए। कांग्रेस के शासनकाल में लगभग 100 बार संविधान में संशोधन किया गया और अब वे दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। अब कह रहे हैं कि भाजपा संविधान बदल देगी। केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार 10 वर्षों से सत्ता में है। क्या ये कांग्रेस को नजर नहीं आ रहा है।
70 वर्षों तक सिर्फ अड़ंगे लगाए, नहीं दूर कर पाए गरीबी-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आजादी के बाद से 70 सालों तक देश के हर अच्छे काम में अड़ंगे लगाए। 70 वर्षों तक भगवान श्रीराम खुले आसमान के नीचे बैठे रहे, लेकिन कांग्रेस उन्हें गर्भगृह में नहीं बैठा सकीे। श्रीराम मंदिर निर्माण में कांग्रेस ने हमेशा से अड़ंगे लगाए और जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में राम मंदिर की राह खुली तो यहां भी इन्होंने अड़ंगे लगाए। 70 सालों तक देश की गरीबी दूर नहीं कर पाए और अब झूठ बोल रहे हैं कि यदि सत्ता में आए तो गरीबी दूर कर देंगे। कांग्रेस ने देश की भलाई के लिए होने वाले सभी कामों में अड़ंगे लगाए और अब जनता समझ गई है। अब तो इनकी पार्टी में ही अड़ंगे लगने लगे हैं। 2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस की सरकार को कांग्रेस के कर्मों ने हटाया। 1947 के समय से लेकर, 2003 से 2013 तक कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने धारा 370 लगाकर जम्मू कश्मीर को अलग करने का प्रयास किया।
झूठ बोलकर बनाई थी सरकार, लेकिन नहीं चली-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने झूठ बोलकर सरकार बनाई थी। राहुल गांधी ने कहा था कि 10 दिन के अंदर अगर किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ, तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। इन्होंने 13 महीने तक सरकार चलाई और एक मंत्री तक नहीं बदल पाए। इनका झूठ ज्यादा दिन तक नहीं चला और उनकी सरकार गिर गई। अब सबके आशीर्वाद से फिर भाजपा सत्ता में आई और अब हमने 100 दिनों की सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। हमारी सरकार ने निर्णय किया है कि जिनके पास आयुष्मान कार्ड है उनका 5 लाख रुपए तक का इलाज निःशुल्क किया जाएगा, चाहे वो किसी भी उम्र के हों। गंभीर मरीज को इलाज के लिए हम एयर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाएंगे।
मध्यप्रदेश में नहीं होगी लाड़ली बहना योजना बंद-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में चलने वाली कोई भी योजना बंद नहीं होगी। लाडली बहना योजना सहित अन्य योजनाएं यथावत चलती रहेंगी। कांग्रेस वाले रोज कह रहे हैं कि इस महीने नहीं मिलेंगे, तुम कहते रहो हम देते रहेंगे। 5 तारीख को लाडली बहनों की राशि उनके खातों में पहुंचाई जाएगी। हमारी सरकार जनता की सेवा करने के लिए है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में सुशासन का यज्ञ चल रहा है। हम सभी को उसमें आहुति देना है और दुनिया में भारत को नंबर वन का देश बनाना है।
कांग्रेस को पसंद नहीं कर रही है जनता-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अब कांग्रेस को सिर्फ जनता ही नहीं, बल्कि उनके नेता भी पसंद नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता भाजपा की रीति, नीति और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में लगातार भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। कांग्रेस के पास न नेता है, न नीति है और न ही नीयत हैै। चुनाव जीतने के लिए लोगों के दिल से संपर्क होना चाहिए। अब जनता कांग्रेस को पसंद नहीं कर रही, तो कांग्रेस मीडिया पर ठीकरा फोड़ रहे हो। अपने नेताओं पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने पहला वोट दिया था तो देश के अंदर से आतंकवाद खत्म हो गया है। अब कोई भी बम विस्फोट की घटनाएं नहीं होती है। प्रधानमंत्री श्री मोदीजी ने पाकिस्तान की सीमा से आतंकवादियों को समाप्त करने का काम किया है। पहला वोट देश की और आपकी सुरक्षा के लिए दिया था। 2019 में दूसरा वोट दिया तो हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कोविड के कठिन काल में पूरे देश को बचाने का काम किया। जब देश की चारों दिशाओं में हाहाकार मची हुई थी तब भारत में कोविड के टीके के लिए किसी का पैसा नहीं लगा, सबकी जान बचाने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया है। उन्होंने कोविड के समय में जो घर में थे ऐसे 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया था और अब तक उनके घरों में पहुंचा रहे हैं।
सूर्य की तरह तप रहे हैं प्रधानमंत्री –
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य भगवान से आशीर्वाद लेते हैं। जैसे सूर्य के बिना सौरमंडल अधूरा है, वैसे ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के बिना हमारा देश भी अधूरा है। सूर्य की तरह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी भारत वर्ष के लिए तप रहे हैं। वे दिन-रात देशवासियों की सेवा के लिए जुटे हुए हैं। उनका संकल्प है कि अबकी बार-400 पार और इसको पूरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगी हुई है। यह डबल इंजन की सरकार है और डबल इंजन की सरकार देश और प्रदेश के विकास करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी।
चंबल की धरती तो वीरो की धरती है-
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के जवान और किसानों को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया है। जय जवान-जय किसान का नारा तो लाल बहादुर शास्त्री ने दिया था, लेकिन इसको साकार करने का काम प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया है। उन्होंने देश के जवानों और किसानों को उनका सच्चा सम्मान दिलाया है।
कांग्रेस नहीं संभाल पा रही अपने नेता-
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं को नहीं संभाल पा रही है और आरोप भाजपा पर मढ़ रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के नगर के कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा ज्वाइन कर ली। लगातार कांग्रेस के नेता भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा में आ रहे हैं। कांग्रेस के लोग अहंकारी हैं, घमंडी हैं। कांग्रेस के साथ कोई नहीं रहना चाहता है। कांग्रेस ने भगवान श्रीराम का आमंत्रण ठुकरा महापाप किया है। इन रामविरोधियों के साथ में कौन रहना चाहेगा? राहुल गांधी से पूछिए कि उन्होंने कभी श्रीराम के नाम का दीपक लगाया है, आखिरकार ऐसी पार्टी में कौन रहना चाहेगा, जो भगवान श्रीराम के नहीं हुए वे किसके होंगे।
ये रहे उपस्थित-
बीना व मालथोन में आयोजित जनसभा में मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, संभागीय प्रभारी श्री मुकेश चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष श्री गौरव सिरोठिया,सांसद श्री राजबहादुर सिंह,सागर महापौर संगीता तिवारी, श्री श्याम तिवारी, श्री धरमू राय, श्री अरूणोदय चौबे, श्री विनोद पंथी, श्री महेश राय, श्री मनोज शर्मा, लता सखवार, श्रीमती उषा राय, शशि बुधोलिया, श्री करोड़ी यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बीना में नहीं कराया स्वागत
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा के दौरान बीना में अपना स्वागत नहीं कराया। दरअसल पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कुमार जैन का हार्टअटैक से निधन हो गया। इसकी जानकारी जब मुख्यमंत्री को मिली तो उन्होंने यहां पर स्वागत, सत्कार नहीं कराया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंच से स्व. वीरेंद्र कुमार जैन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
श्रीकांत जैन
जिला मीडिया प्रभारी











