जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में हुआ सामग्री का वितरण

चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच हुआ मतदान सामग्री का वितरण

मतदान कर्मियों ने की वितरण व्यवस्था की तारीफ

शाम तक अपने मतदान केंद्र पहुँच चुके थे मतदान दल,

कई मतदान केंद्रों पर हुआ स्वागत

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में हुआ सामग्री का वितरण

सागर, 06 मई 2024
सागर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में शुक्रवार 7 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर आज सोमवार की सुबह शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज से मतदान दलों को चाक-चौबंद वयवस्था और कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सामग्री का वितरण किया गया। व्यवस्थायें इतनी बेहतर थीं कि तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह लगभग 10 बजे से मतदान दलों की रवानगी भी प्रारंभ हो गई थी। दोपहर 12 बजे के पास के मतदान केंद्रों पर मतदान दलों का पहुंचना भी शुरू हो गया था और शाम होने तक सभी मतदान दल अपने मतदान केंद्र पहुँच चुके थे। कई मतदान केंद्रों पर मतदान दलों का फूलमाला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत भी किया गया।

मतदान सामग्री के साथ मतदान दलों को ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीन वितरित करने राजनैतिक दलों तथा उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील जैन, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर  दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक  अभिषेक तिवारी की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोले गये। ईव्हीएम और व्हीव्हीपेट मशीनों को सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षित रखने एवं विधानसभावार बने स्ट्रांगरूम को खोले जाने के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी  रुपेश उपाध्याय, संयुक्त कलेकटर अदिति यादव, सिटी मजिस्ट्रेट  जूही गर्ग, डिप्टी कलेक्टर  भव्या त्रिपाठी,  गगन बिसेन, सबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निंग अधिकारी भी उपस्थित थे ।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  दीपक आर्य के निर्देशानुसार मतदान दलों को सामग्री का वितरण प्रातः 6 बजे से प्रारंभ हुआ था। सभी मतदान दल अधिकारी कर्मचारियों के दलों को परिसर में ही बनी पार्किंग व्यवस्था में उपलब्ध बसों के माध्यम से उनके मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
सागर जिले के पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र जिनमें सागर, बीना, खुरई, नरयावली, सुरखी मतदान दलों को शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित स्ट्रांग रूम से सामग्री का वितरण किया गया। कलेक्टर श्री दीपक आर्य स्वयं सामग्री वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखे हुये थे । उन्होंने सभी वितरण केंद्रों पर जाकर सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया ।

सामग्री वितरण स्थल पर भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक  अंजलि सहरावत ने भी निरीक्षण किया एवं मतदान दलों से चर्चा की। उन्होंने सभी मतदान दल के अधिकारी कर्मचारियों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। कलेक्टर  दीपक आर्य के साथ पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी भी इस दौरान उनके साथ थे। सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर मतदान कर्मियों से भी रूबरू हुये, उनका हौसला बढ़ाया और सफलतापूर्वक मतदान कराने शुभकामनाएं दी। मतदान कर्मियों ने सामग्री वितरण व्यवस्था की तारीफ करते हुये कलेक्टर से कहा कि उनमें उत्साह का संचार हुआ है और मनोबल भी बढ़ा है ।

शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में मतदान दलों को सामग्री वितरण करने विधानसभा वार बड़े-बड़े पण्डाल लगाये गये। मतदान दलों को मतदान सामग्री बांटने प्रत्येक मतदान केंद्र के लिये आवश्यक व्यवस्था की गई थी, ताकि मतदान कर्मी आराम से बैठकर मतदान सामग्री प्राप्त कर सकें और इत्मीनान से उसका मिलान कर सकें। मतदान दलों को आवंटित मतदान केंद्र का विवरण, दल क्रमांक, मतदान केंद्र का नाम और मतदान केंद्र क्रमांक की जानकारी प्रदर्शित करते दो – तीन बड़े-बड़े फ्लेक्स भी वितरण केंद्रों पर लगाये गये थे। इनके अलावा मतदान कर्मियों की सहायता के लिये हेल्पडेस्क भी स्थापित की गई थी । सामग्री वितरण स्थल पर चिकित्सा दल भी सभी आवश्यक दवाओं के साथ तैनात थे । स्ट्रांग रूम के समीप बनाई गई अस्थाई अस्पताल में मतदान दल के अधिकारी कर्मचारियों को गर्मी में दिक्कत होने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर ममता तिमोरे एवं डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया एवं आवश्यक दवाओं का वितरण कर रवाना किया ।मतदान दलों में नियुक्त कर्मचारियों और मतदान दलों को मतदान केंद्रों तक पहुँचाने में इस्तेमाल किये जाने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर तरीके से प्लान किया गया था, ताकि ट्रैफिक जाम की स्थिति न आये और आवाजाही में किसी को भी परेशानी न हों । मतदान दलों को मतदान केंद्र तक पहुँचाने रुट निर्धारित किये गये हैं और इतनी ही छोटी-बड़ी बसों की व्यवस्था भी की गई थी।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक  अभिषेक तिवारी के द्वारा मतदान सामग्री वितरण स्थल पर समस्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की निर्देश दिए गए थे, जिसका आज अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया गया। श्री आर्य ने समस्त मतदान अधिकारी कर्मचारियों से चर्चा भी की। चर्चा के दौरान सभी मतदान अधिकारी-कर्मचारी संतुष्ट नजर आए और उत्साहपूर्वक मतदान केंद्र के लिए रवाना हुए। मतदान सामग्री वितरण स्थल पर मतदान दलों द्वारा मतदान सामग्री प्राप्त कर मिलान किया गया।

Leave a Comment

Read More