
विधायक शैलेन्द्र जैन ने विधानसभा में सागर की लाखा बंजारा झील के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में प्रश्न पूछा
सागर। विधायक शैलेन्द्र जैन ने मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन प्रश्न के माध्यम से सागर की लाखा बंजारा झील के जीर्णाेद्धार एवं सौंदर्यीकरण के संबंध में मुद्दा उठाते हुये कहा कि, लाखा बंजारा झील शहर की जनभावनाओं से जुड़ी हुई है, जिसके जीर्णाेद्धार का कार्य विगत 3 वर्षों से जारी है, इस प्रोजेक्ट विलंब से किए जा रहे कार्यो के लिए कौन जिम्मेंदार है। झील सौंदर्यीकरण के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तैयार किये जाने की क्या प्रगति है। उन्होने पूछा कि झील जीर्णाेद्धार व सौंदर्यीकरण को लेकर निर्माण एजेंसी द्वारा की जा रही लेटलतीफी और लापरवाही पर शासन द्वारा अभी तक क्या कार्यवाही की गई है। प्रश्न के उत्तर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माननीय श्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने बताया कि, सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत लाखा बंजारा झील के जीर्णाेद्धार का कार्य किया जा रहा है इस प्रोजेक्ट अंतर्गत पूर्ण किये कार्यों की जानकारी लाखा बंजारा झील के जीर्णाेद्धार, पुनर्विकास एवं सौंदर्याकरण के कार्य अंतर्गत निम्न कार्य पूर्ण किये जा चुके है, जैसे झील के चारो ओर से मिलने वाले नाला/नालियों को जोड़ते हुये गंदे पानी को ग्रेविटी के माध्यम से तालाब से बाहर निकालने हेतु पाईप नेटवर्क बिछाये जाने का कार्य पूर्ण किया गया। छोटी व बड़ी झील की डिसिल्टिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। झील के चारो तरफ तटबंध, ईम्बेंकमेंट, स्टोन पिंचिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ओमीवेयर एवं स्लूज गेट की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। छोटी एवं बड़ी झील के मध्य में पेडेस्ट्रियन ब्रिज का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। झील में लाखा बंजारा की प्रतिमा की स्थापना का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिसका लोकार्पण किया जाना है। झील में सार्वजनिक सुविधा जैसे ओपन ऐयर थियेटर, शौचालय, फूड कोर्ट, टिकिट काउंटर, पार्किंग, प्रवेश द्वार आदि का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अंडरग्राउण्ड वॉटर सप्लाई पाईप नेटवर्क का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। झील के चारो ओर बाउण्ड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। स्ट्रीट लाईट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ट्रांसफार्मर, अंडरग्राउण्ड केबिलिंग, हाईमास्क का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। प्राचीन मंदिरों व किले में फसाड लाईटस् का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। घाटों व छतरियों का निर्माण कार्य 20 प्रतिशत शेष है। पाथवे का निर्माण कार्य 200 मीटर शेष है। लैंडस्केपिंग, आर्किटेक्चरल लाईटिंग/पेंटिंग का कार्य 40 प्रतिशत शेष है। इसके अलावा झील के सौन्दर्यीकरण के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का सिविल कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा विद्युत कनेक्शन, कमीशनिंग व टेस्टिंग का कार्य शेष है। सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संबंधित निर्माण एजेन्सी के अनुबंध की शर्तों अनुसार कार्य में विलंब हेतु निर्माण एजेंसी पर पेनाल्टी अलग अलग कुल 8654789/ रु लगाई गई है।











