जैसीनगर कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ कथित खुली लूट! गेहूं खरीदी केंद्रों हडा कंदेला एवम जैसीनगर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

जैसीनगर कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ कथित खुली लूट! गेहूं खरीदी केंद्रों हडा कंदेला एवम जैसीनगर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
50 किलो की जगह 50 किलो 700 ग्राम तक तौलने का आरोप, पल्लेदारी के नाम पर भी अवैध वसूली
सागर | जिले की जैसीनगर कृषि उपज मंडी अंतर्गत संचालित गेहूं उपार्जन केंद्रों पर किसानों के साथ कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। किसानों ने खरीदी केंद्रों पर खुलेआम नियमों की अनदेखी और आर्थिक शोषण किए जाने की शिकायत की है।
किसानों का आरोप है कि जैसीनगर स्थित हड़ा कंदेला समिति और जैसीनगर समिति सहित  गेहूं उपार्जन केंद्रों पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। शासन के अनुसार प्रति बोरी 50 किलो गेहूं खरीदी का मानक तय है, लेकिन खरीदी केंद्रों पर 50 किलो 700 ग्राम तक गेहूं तौला जा रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि धर्म कांटे से सही तौल होने के बावजूद अतिरिक्त गेहूं काटा जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों के मुताबिक यह प्रक्रिया लंबे समय से जारी है और शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हो रहा।
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। किसानों का कहना है कि शासन द्वारा पल्लेदारी का भुगतान समिति को दिए जाने के बाद भी उनसे तौल और पल्लेदारी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे अतिरिक्त पैसे लिए जा रहे हैं।
स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खरीदी केंद्रों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा किसानों को राहत दिलाई जाए। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
किसानों के मुख्य आरोप
50 किलो की जगह 50 किलो 700 ग्राम तक तौल
धर्म कांटे के बाद भी अतिरिक्त गेहूं काटना
पल्लेदारी और तौल के नाम पर अवैध वसूली
मंडी की दोनों सोसायटियों में अनियमितताओं का आरोप
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
मामले के सामने आने के बाद अब किसानों की नजर जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला गेहूं उपार्जन व्यवस्था में बड़ी लापरवाही और भ्रष्टाचार को उजागर कर सकता है।

Leave a Comment

Read More