
जागरूकता का विस्तार और सकारात्मक वातावरण रक्तदान शिविर की बड़ी उपलब्धि – योगेश पवार
पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक Bhupendra Singh के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय रक्तदान शिविर के दो दिनों में 824 यूनिट ब्लड एकत्रित
सागर। जन्मदिन पर रक्तदान शिविर जैसा प्रकल्प इतने बड़े स्तर पर आयोजित करना विलक्षण घटना है। यह आसान काम नहीं है। इस शिविर की एक बड़ी उपलब्धि रक्तदान से जुड़े भ्रम दूर करते हुए जागरूकता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण है। यह उद्गार दैनिक भास्कर सागर के संपादक योगेश पवार ने पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर के दूसरे दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में व्यक्त किए। इस मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में दो दिनों में ही 824 रक्तवीरों ने रक्तदान करते हुए अपना योगदान किया।
संपादक योगेश पवार ने संबोधन में रक्तदान से जुड़ा अपना व्यक्तिगत अनुभव सुनाते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार अचानक आए फोन कॉल पर इंदौर में एक असहाय बुजुर्ग महिला को रक्तदान किया था। कार्यस्थल से अस्पताल तक जाते समय उनके मन में भी कई शंकाएं थीं, लेकिन रक्तदान के बाद जो आत्मसंतुष्टि मिली, वह आज भी यादगार है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अन्य आयोजनों की तुलना में रक्तदान शिविर को सार्थक स्वरूप देना निश्चित ही प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष समाजसेवी प्रकाश चौबे ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह जी ने अपने जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविरों से सागर जिले में व्यापक जागरूकता पैदा की है। पहले लोग अपने परिजनों को भी रक्त देने में हिचकते थे, लेकिन अब इस प्रवृत्ति में परिवर्तन आया है और लोग स्वयं आगे आकर रक्तदान करने लगे हैं। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय पिछले 12 वर्षों से आयोजित इन शिविरों को दिया।
विशिष्ट अतिथि गौसेवक पारंग शुक्ला ने कहा कि रक्तदान का यह आयोजन ऐतिहासिक है और यह समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
पूर्व गृहमंत्री Bhupendra Singh ने अतिथियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा कार्य सभी के सहयोग से संभव हुआ है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से अब तक लगभग 42 हजार लोगों के जीवन की रक्षा में योगदान मिला है। उन्होंने कहा कि सागर जिले में रक्त की कमी नहीं होने देना उनका संकल्प है और इसी उद्देश्य से 24 घंटे ब्लड हेल्पलाइन संचालित की जा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि सागर जिले के ब्लड बैंक की वर्तमान क्षमता 1000 यूनिट है, जबकि आवश्यकता के अनुसार बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में 5000 यूनिट क्षमता वाला आधुनिक ब्लड बैंक स्थापित होना चाहिए। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री Rajendra Shukla की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समिति की बैठक में 5.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
दूसरे दिन रक्तदाताओं का महाउत्सव जैसा माहौल
रक्तदान शिविर में दूसरे दिन भारी संख्या में रक्तदाता पहुंचे। तीन रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण चौथा काउंटर भी शुरू करना पड़ा। 60 बिस्तरों वाला हाल सुबह से शाम तक पूरी तरह व्यस्त रहा। विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार रक्तदाताओं की देखरेख में जुटी रही।
इस अवसर पर युवा नेता अविराज सिंह, पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, डॉ. सुशील तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दो दिनों में परिवार के 15 सदस्यों ने किया रक्तदान
पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह के परिवार के 15 सदस्यों ने भी रक्तदान कर समाज को प्रेरणा दी। इनमें धर्मेंद्र सिंह, लखन सिंह बामोरा, अशोक सिंह बामोरा, वैभव सिंह बामोरा, सत्यम सिंह बामोरा, अनुराग सिंह बामोरा सहित अन्य परिजन शामिल रहे।
महिला रक्तदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी
दूसरे दिन 11 महिला रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इनमें काजल गोदना, रूबी पटेल, मनीषा राय, रजनी विश्वकर्मा, सोनम ठाकुर, बबीता बनर्जी, ज्योति जैन, निधि जैन, सविता सिंह, रुखसार खान और राजकुमारी विश्वकर्मा शामिल रहीं। कई परिवारों ने पति-पत्नी और मां-बेटे के रूप में एक साथ रक्तदान कर सामाजिक संदेश दिया।
21 पंखे भेंट कर किया स्वागत
खुरई के पूर्व प्राचार्य संदीप चौबे ने 21 स्टैंड इलेक्ट्रिक फैन भेंट कर पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। यह पंखे जरूरतमंदों को वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार मुकेश कौशिक और प्रेमनारायण तिवारी द्वारा प्रकाशित विशेष पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
तीसरे दिन के अतिथि
रक्तदान शिविर के तीसरे दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम में गणपत्रिका समाचार पत्र के संपादक नितिन त्रिपाठी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेंद्र चौदा तथा समाजसेवी गुलझारी लाल जैन अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।











