
3rd सब जूनियर नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 में विराज शर्मा ने जीता रजत पदक
नोएडा। जेपी पब्लिक स्कूल सेक्टर-128 नोएडा के छात्र विराज शर्मा ने 3rd सब जूनियर नेशनल नॉर्थ जोन रोल बॉल चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश टीम को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कक्षा 8वीं ‘बी’ के छात्र विराज शर्मा अंडर-14 वर्ग में उत्तर प्रदेश टीम के गोलकीपर रहे।
विद्यालय के स्केटिंग कोच चरण सिंह ने बताया कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 मई से 17 मई 2026 तक हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित गवर्नमेंट ई.टी.ई. कॉलेज में आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल रोल बॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। कठिन मुकाबलों के बीच विराज शर्मा ने बेहतरीन गोलकीपिंग का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को रजत पदक तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
विद्यार्थी की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अंजली मलिक ने विराज को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यालय के समग्र विकास के दृष्टिकोण को दर्शाती है, जहां शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
विद्यालय की खेल विभागाध्यक्ष (HOD Sports) सुश्री हिमांशी ने भी विराज शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











