भाजपा की जिला स्तरीय मासिक बैठक में रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति ॐ उच्चारण के साथ आभार प्रस्ताव पारित

भाजपा की जिला स्तरीय मासिक बैठक में रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति ॐ उच्चारण के साथ आभार प्रस्ताव पारित

भारतीय जनता पार्टी की जिला सागर की तीसरी मासिक बैठक सम्पन्न संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे,जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने किया सम्बोधित

सागर। भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय मासिक बैठक रविवार को धर्म श्री स्थित संभागीय भाजपा कार्यालय आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी श्री गौरव रणदिवे तथा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी श्री लोकेंद्र पाराशर उपस्थित रहे। बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा एवं रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार, चैन सिंह ठाकुर,“12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, सह संयोजक आसमा जैन, निकेश गुप्ता मंचासीन रहें।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष  श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और आगामी अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। श्री तिवारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाकर जनता से सतत संवाद स्थापित करें। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 12 वर्ष अभियान के तहत सागर जिले में 6500 पौधे रोपित किए गए।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी  गौरव रणदिवे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ भाग लें तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करें।

प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण से मजबूत हुआ है। आगामी अभियान जनता के साथ संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाए और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सागर जिले में सांगठनात्मक गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उपस्तिथ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग, सांगठनात्मक बैठक व सम्पन्न हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।बैठक का शुभारंभ “राष्ट्रीय गीत” के साथ हुआ।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला निवासी  रजनीश अग्रवाल  को भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए शीर्ष नेतृत्व के प्रति “ॐ उच्चारण” के साथ आभार प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने इसे सागर जिले के लिए गौरव पूर्ण निर्णय बताते हुए शीर्ष नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष,मोर्चा अध्यक्ष,प्रकोष्ठ संयोजक,सह संयोजक एवं अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More