
सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को मिलेगी नई उड़ान: लाखा बंजारा झील पर अत्याधुनिक बोट क्लब तैयार, जल्द होगा लोकार्पण
1.15 करोड़ की लागत से बना आधुनिक बोट क्लब, पर्यटन और खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
सागर। मध्य प्रदेश का सागर शहर जल्द ही वॉटर स्पोर्ट्स और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने जा रहा है। शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के किनारे स्थित संजय ड्राइव पर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा लगभग 1 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बोट क्लब का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अब इसके लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इसी क्रम में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक जैन ने बताया कि बोट क्लब भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है और बहुत जल्द इसका लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सागर के पर्यटन एवं खेल विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी।
फ्लोटिंग जेटी और वॉटर स्पोर्ट्स की आधुनिक सुविधाएं
परियोजना के अंतर्गत लाखा बंजारा झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के संचालन हेतु फ्लोटिंग जेटी का निर्माण किया जाएगा। इससे नौकायन, कयाकिंग सहित विभिन्न जल क्रीड़ा गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा। साथ ही खिलाड़ियों एवं युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिम भी स्थापित किया जाएगा, जिससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।
बटरफ्लाई डिजाइन शेड बनेगा आकर्षण का केंद्र
बोट क्लब भवन के प्रथम तल पर आकर्षक बटरफ्लाई डिजाइन शेड तैयार किया गया है, जहां से पर्यटक लाखा बंजारा झील के मनोरम दृश्यों का आनंद ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के दौरान निर्णायकों एवं अधिकारियों के लिए विशेष दीर्घा (गैलरी) का निर्माण भी किया गया है।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि बोट क्लब का उद्देश्य केवल मनोरंजन और पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि सागर के युवाओं और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी है। यहां खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे वॉटर स्पोर्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा लाभ
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण संचालन से सागर में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा, नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। लाखा बंजारा झील के आसपास का क्षेत्र भविष्य में सागर के प्रमुख पर्यटन एवं मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।











