
पटवा समाज ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन, पटवा समाज कल्याण बोर्ड गठन की मांग
सागर। पटवा समाज सागर के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के निवास पहुंचकर समाज की विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से पटवा समाज कल्याण बोर्ड के गठन की मांग रखते हुए समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक जैन को अवगत कराया कि पटवा समाज लंबे समय से पारंपरिक हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुओं के निर्माण तथा स्वरोजगार आधारित गतिविधियों से जुड़ा रहा है। वर्तमान समय में समाज के युवाओं को कौशल उन्नयन, रोजगार के अवसर एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के लिए कल्याण बोर्ड का गठन आवश्यक है।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने समाज के प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हितों एवं विकास से जुड़े विषयों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। इस संबंध में विधायक श्री जैन ने मुख्यमंत्री महोदय को पत्र लिखकर पटवा समाज कल्याण बोर्ड के गठन हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अनुशंसा भी की है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक जैन के सहयोग एवं सकारात्मक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वीरेंद्र पाटकर जयकुमार पाटकर महेंद्र पाटकर राजकुमार पाटकर रवि शंकर पाटकर दिनेश पाटकर अखिलेश पाटकर उमेश पाटकर महेंद्र पटवा राजेश पाटकर राहुल पाटकर राजेश बांदरी मनीष पटवा गुड्डू राघवेंद्र पाटकर सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











