
सागर: बोलेरो में भरकर ले जा रहे थे 78 लीटर बीयर, गोपालगंज पुलिस ने दबोचा, एक गिरफ्तार
सागर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 78 लीटर अंग्रेजी बीयर से भरी एक बोलेरो वाहन जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके तीन साथी फरार होने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बरिया तिराहा डिवाइडर के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक MP15T3060 को रोक लिया।
वाहन को रोकते ही उसमें सवार तीन लोग भाग निकले, लेकिन चालक गोविन्द रजक (35) निवासी ग्राम पिपरिया करकट, थाना बहेरिया को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बोलेरो से हंटर प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर की 10 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 120 बोतलें (78 लीटर) शराब थी।
पुलिस ने आरोपी से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब और बोलेरो वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने शराब तस्करी में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और शराब के स्रोत की जांच में जुटी हुई है।
जब्ती
10 पेटी अंग्रेजी बीयर
120 बीयर की बोतलें
कुल मात्रा 78 लीटर
अनुमानित कीमत ₹30 हजार
बोलेरो वाहन MP15T3060
गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।











