जिला बदर अपराधी 15 लीटर अमानक शराब के साथ गिरफ्तार

जिला बदर अपराधी 15 लीटर अमानक शराब के साथ गिरफ्तार
सागर, 10 जून 2026। जिले में अपराधियों, जिला बदर आरोपियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीनगर पुलिस ने एक जिला बदर आदतन अपराधी को 15 लीटर अमानक शराब के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस के अनुसार काकागंज वार्ड निवासी नीरज कोरी (35 वर्ष) लंबे समय से मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, घर में घुसकर तोड़फोड़, जातिगत अपमान और अवैध शराब रखने जैसे मामलों में संलिप्त रहा है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी सागर द्वारा उसे छह माह के लिए सागर एवं आसपास के जिलों की सीमाओं से जिला बदर किया गया था।
थाना मोतीनगर पुलिस को बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी नीरज कोरी काकागंज मरघटा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को एक प्लास्टिक के कुप्पे के साथ पकड़ा। जांच के दौरान कुप्पे में करीब 15 लीटर मटमैले रंग का दुर्गंधयुक्त तरल पदार्थ मिला, जो प्रथम दृष्टया अमानक शराब प्रतीत हुआ।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जिला दण्डाधिकारी के जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में मौजूद था। पुलिस ने अमानक शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(1), 49 मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, धारा 223(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक सेलवेस्टर पन्ना, प्रधान आरक्षक दिनेश, राजेश तथा आरक्षक दीपक और पुष्पेन्द्र की विशेष भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More