
मोदी सरकार के 12 स्वर्णिम वर्षों पर विधायक लारिया ने परेड मंदिर में कराया भव्य आध्यात्मिक आयोजन
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को सिद्ध हनुमान बब्बा परेड मंदिर, कैंट में भव्य झण्डा समर्पण, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने किया।
विधायक लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों के साथ मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के श्रीचरणों में नमन किया तथा राष्ट्र की उन्नति, प्रदेश की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में भक्ति, राष्ट्रभाव और जनसहभागिता का अद्भुत संगम देखने को मिला। शंखनाद, घंटे-घड़ियालों की मंगलध्वनि, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और महाआरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। श्रद्धालुओं की करतल ध्वनि और जयघोषों के बीच उपस्थित जनसमूह ने मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करने का संदेश दिया।
विधायक लारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, सांस्कृतिक गौरव और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके स्वर्णिम कार्यकाल के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
“सिद्ध हनुमान बब्बा परेड मंदिर धाम में आयोजित यह भव्य आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जनआस्था, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक शक्ति का विराट उत्सव बनकर उभरा। विधायक प्रदीप लारिया के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प केवल शासन की प्राथमिकता नहीं, बल्कि जन-जन की आकांक्षा बन चुका है। दिव्यता, आराधना और राष्ट्रभाव के इस अनूठे संगम ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास से भर दिया।”
इस अवसर पर प्रभुदयाल कुशवाहा, अध्यक्ष, कुश समाज कल्याण बोर्ड, नपाध्यक्ष मिहीलाल, चैन सिंह, जिला महामंत्री, मंडल अध्यक्ष सौरभ केशरवानी,हरिओम केशरवानी, श्याम सुंदर मिश्रा, मधुकर जाटव, पार्षदगण, एल्डरमैन मातृशक्ति सहित भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











