डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, बीना पुलिस ने वारदात से पहले ही नाकाम किया बड़ा अपराध

डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपी गिरफ्तार, बीना पुलिस ने वारदात से पहले ही नाकाम किया बड़ा अपराध
बीना, 11 जून 2026। सागर जिले में अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रो-एक्टिव पुलिसिंग अभियान के तहत थाना बीना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी वारदात को होने से पहले ही विफल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 10 जून की रात थाना बीना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मालखेड़ी रोड स्थित अनिल इंडस्ट्रीज की खाली बैरक के बाहर कुछ लोग एकत्र होकर बड़ी चोरी और डकैती की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां पांच व्यक्ति आपस में बीना नगर के सानिया ज्वेलर्स और शाह पेट्रोल पंप में चोरी एवं डकैती की योजना बनाते मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चाकू, तीन गुलेल, मिर्ची पाउडर, दो हाईड्रोलिक कटर, चार पेंचकस, दो तोता पाना, दो कील निकालने वाले पाना, पत्थर के टुकड़े, कपड़े एवं तौलिए सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोरी और डकैती की योजना बनाने की बात स्वीकार की। इसके बाद थाना बीना में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4) एवं 310(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
लखा सिंह पारदी (22), निवासी मुरादपुर, जिला गुना
कुलदीप मोगिया (20), निवासी सेरोषड़ा, जिला शिवपुरी
मंदू उर्फ नंदकिशोर पारदी (39), निवासी कनेरा, जिला गुना
तारा सिंह पारदी (19), निवासी मुरादपुर, जिला गुना
गजराज सिंह पारदी (22), निवासी मुरादपुर, जिला गुना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सतर्क मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के कारण एक संभावित गंभीर अपराध को समय रहते रोका जा सका। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव सहित थाना बीना के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रो-एक्टिव पुलिसिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

Read More