
सामाजिक समरसता और संगठन की मजबूती का संदेश, स्वर्णकार समाज के मिलन समारोह में शामिल हुए विधायक शैलेन्द्र जैन
सागर। होटल सागर सरोज में आयोजित श्री अयोध्यावासी क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के सामाजिक मिलन समारोह में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जैन ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी एकता, संगठन और सामाजिक मूल्यों पर आधारित होती है। सामाजिक मिलन समारोह आपसी भाईचारे, सहयोग और समरसता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास के नए अवसरों का सृजन करता है और आने वाली पीढ़ियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
विधायक जैन ने स्वर्णकार समाज के शिक्षा, व्यापार, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक गतिविधियों में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा का समन्वय समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा। उन्होंने युवाओं से समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाज की एकता, संगठन विस्तार, युवा सहभागिता, शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सामाजिक विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा साथी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ











