
डायल-100/112 की तत्परता से बची युवक की जान, फांसी के फंदे से उतारकर पहुंचाया अस्पताल
सागर, 12 जून 2026। सागर पुलिस की डायल-100/112 सेवा की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और साहस के चलते एक युवक की जान बच गई। पारिवारिक विवाद से परेशान युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार 11 जून की रात लगभग 10:55 बजे डायल-100/112 कंट्रोल रूम को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें राम भरत आदिवासी ने बताया कि वह मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के कारण जामुन के पेड़ पर फांसी लगाने जा रहा है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने तत्काल एफआरवी-12 को रवाना किया।
एफआरवी में तैनात आरक्षक विशाल प्रजापति और पायलट भूपेंद्र यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को लगातार बातचीत में उलझाए रखा, ताकि वह कोई आत्मघाती कदम न उठा सके। इसी दौरान चौकी प्रभारी बराज, थाना शाहगढ़ तथा आरक्षक लखन गंधर्व भी मौके के लिए रवाना हुए।
जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तो युवक लगभग 15 से 20 फीट ऊंचे जामुन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटक चुका था। गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस जवानों ने बिना देर किए पेड़ पर चढ़कर युवक को नीचे उतारा। नीचे लाने पर उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उसे तत्काल एफआरवी वाहन से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने बताया कि यदि कुछ मिनट और देरी हो जाती तो युवक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। वर्तमान में युवक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
इस साहसिक और मानवीय कार्य के लिए एफआरवी-12 के पायलट भूपेंद्र यादव, आरक्षक विशाल प्रजापति, चौकी प्रभारी बराज तथा आरक्षक लखन गंधर्व सहित पूरी टीम की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्या की स्थिति में आत्मघाती कदम उठाने के बजाय अपने परिजनों, मित्रों अथवा डायल-100/112 से संपर्क करें। पुलिस हर समय सहायता के लिए उपलब्ध है











