पुलिस की मुस्तैदी से 11 वर्षीय गुमशुदा बालक प्रयागराज से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा गया

पुलिस की मुस्तैदी से 11 वर्षीय गुमशुदा बालक प्रयागराज से सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा गया
सागर। सागर पुलिस की तत्परता, तकनीकी दक्षता और बेहतर समन्वय के चलते 11 वर्षीय गुमशुदा बालक को महज कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से सकुशल बरामद कर लिया गया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में थाना कैंट पुलिस एवं पुलिस कंट्रोल रूम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस सफलता को अंजाम दिया। गुमशुदा बालक सदर क्षेत्र का निवासी है और कक्षा 6 का छात्र है। बताया गया है कि उसे हल्की मानसिक एवं बौद्धिक अक्षमता है।
जानकारी के अनुसार 12 जून की सुबह करीब 5:30 बजे बालक बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने थाना कैंट में सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज बनी अहम कड़ी
थाना प्रभारी कैंट निरीक्षक रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालक के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में बालक सागर रेलवे स्टेशन की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म के कैमरों की जांच की गई, जहां वह एक ट्रेन में सवार होता नजर आया।
ट्रेन की लोकेशन ट्रेस कर प्रयागराज पुलिस से किया संपर्क
कंट्रोल रूम प्रभारी उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान ने तत्काल संबंधित ट्रेन की जानकारी जुटाकर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद प्रयागराज पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया। समन्वित कार्रवाई के तहत बालक को प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित उतार लिया गया।
कुछ ही घंटों में मिला परिवार को अपना बच्चा
पुलिस के लगातार प्रयासों और विभिन्न इकाइयों के उत्कृष्ट समन्वय के चलते बालक को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। बालक को उसके परिजन वापस सागर लेकर आए। इस सफलता में थाना कैंट और पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बच्चे के गुम होने या संदिग्ध परिस्थिति में दिखाई देने की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार को बड़ी राहत दी और यह साबित किया कि तकनीक तथा बेहतर समन्वय के जरिए गुमशुदा बच्चों को शीघ्र खोजा जा सकता है।

Leave a Comment

Read More