
युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बीना, 16 जून 2026। थाना बीना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं गंभीर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 को बीना के खिरिया वार्ड में किराए के मकान में रहकर निजी नौकरी करने वाली एक युवती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
मर्ग जांच में सामने आया कि युवती के साथ कार्य करने वाले उमेश चढ़ार ने युवती के नाम पर बैंक से ऋण स्वीकृत कराया था। ऋण की राशि का उपयोग आरोपी स्वयं कर रहा था, जबकि उसकी किस्तों का भुगतान युवती कर रही थी। बाद में आरोपी ने ऋण की किस्तें जमा करना बंद कर दिया और युवती को लगातार धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। पुलिस के अनुसार, इसी प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाया।
जांच के आधार पर थाना बीना में आरोपी उमेश पिता प्रमोद चढ़ार (40 वर्ष), निवासी गणेश वार्ड, बीना के विरुद्ध धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक आर.के. जोरम, उप निरीक्षक निशांत भगत, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र मिश्रा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










