
जैन हाई स्कूल के प्रथम तल निर्माण हेतु विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने दी 16 लाख रुपये की स्वीकृति
स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की रूपरेखा पर की चर्चा, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने गुरुवार को गोपालगंज स्थित जैन हाई स्कूल पहुंचकर विद्यालय परिसर में प्रस्तावित भवन निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय भवन के प्रथम तल निर्माण के लिए विधायक निधि से 16 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए निर्माण कार्य की रूपरेखा, आवश्यक सुविधाओं तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक जैन ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय भवन के प्रथम तल निर्माण के लिए विधायक निधि से 16 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन, सहशैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक संसाधनों से युक्त शैक्षणिक वातावरण तैयार कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को अधिक सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विकास से संबंधित विभिन्न सुझावों एवं आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। विद्यालय परिवार द्वारा विधायक जैन का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि भवन विस्तार से विद्यालय की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर उदय जैन, के.के. सराफ, अरुण कुमार सिंघई, विमल जैन, सुरेन्द्र मालथौन, प्राचार्य पवन जैन सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।











