
वार्ड की महिलाओं ने पार्षद पर लगाए गंभीर आरोप, नगर पालिका में लगे मुर्दाबाद के नारे
देवरी। नगर के कौशल किशोर वार्ड में नाली निर्माण एवं सफाई की समस्या को लेकर वार्ड की कई महिलाएं अपनी शिकायत लेकर वार्ड पार्षद दिलीप कोष्टी के निवास पर पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि समस्या बताने और समाधान की मांग करने पर पार्षद द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि वार्ड पार्षद ने बातचीत के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया और वहां से भगा दिया। इस घटना से आक्रोशित महिलाएं सीधे नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्षद दिलीप कोष्टी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
नगर पालिका परिसर में महिलाओं ने “दिलीप कोष्टी मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि जनप्रतिनिधि का कार्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है, लेकिन यदि जनता के साथ ही अपमानजनक व्यवहार किया जाएगा तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
महिलाओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कदम उठाता है।











