
विश्व योग दिवस से पूर्व भाजपा नेताओं ने किया सामूहिक योगाभ्यास
स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए योग अपनाने का किया आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग बना वैश्विक जनआंदोलन : डॉ. लता वानखेड़े
योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है : शैलेन्द्र जैन
योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा चला रही व्यापक जनजागरण मुहिम : श्याम तिवारी
सागर, 19 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार की शाम सिटी स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, अभियान टोली जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, कार्यक्रम प्रभारी एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष यश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
योग प्रशिक्षक एवं पतंजलि महिला जिला अध्यक्ष वंदना कटारे के मार्गदर्शन में उपस्थित जनों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।
योग से विश्व में बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा : डॉ. लता वानखेड़े
इस अवसर पर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अधिकांश देश योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के रूप में अपना रहे हैं। योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक उन्नति का भी आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
योग भारत की विश्व को अनूठी देन : शैलेन्द्र जैन
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आज पूरे विश्व में प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। योग भारत की वह अनमोल धरोहर है, जिसे विश्व समुदाय ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि योग प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है, क्योंकि आज भारत विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ शैली है, जो मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी बनाता है।
योग जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा चला रही अभियान : श्याम तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। पार्टी द्वारा मंडल से लेकर जिला स्तर तक लगातार योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का आधार स्वस्थ नागरिक हैं और योग इस दिशा में एक प्रभावी एवं सशक्त माध्यम है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से नियमित योगाभ्यास करने तथा 21 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
जिले के सभी मंडलों में होंगे योग कार्यक्रम
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को संगठनात्मक सागर जिले के सभी मंडलों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी यश अग्रवाल ने किया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने स्वस्थ, निरोग एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम प्रभारी यश अग्रवाल ने किया।कार्यक्रम में रामेश्वर नामदेव, मनीष चौबे, विक्रम सोनी, निकेश गुप्ता, आलोक केशरवानी, सोनू उपाध्याय, सोनू चौहान, विकास संधेलिया, जय सोनी, अमित बैसाखिया, नीरज यादव, चिराग सबलोक, नमन समैया, हिमांशु जोशी, यश अग्रवाल, सुप्रियो रॉय, नितिन सोनी, अंशुल हर्ष, मनोज रैकवार, आदर्श मिश्रा, शैलेन्द्र नामदेव, मयंक तिवारी एवं विक्रम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











