79 वर्षीय वृद्ध किसान से दिनदहाड़े लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई राशि एवं कार बरामद

79 वर्षीय वृद्ध किसान से दिनदहाड़े लूट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई राशि एवं कार बरामद
सागर। पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं जिले में अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना बीना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई राशि का हिस्सा तथा घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।
घटना का विवरण
फरियादी लालजू कुर्मी (79 वर्ष), निवासी ग्राम बसारी, थाना खिमलासा ने थाना बीना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 08 अप्रैल 2026 को वह कृषि उपज का भुगतान प्राप्त कर बीना से साइकिल द्वारा अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर लगभग 1 बजे बीना-खिमलासा मार्ग स्थित धनोरा मंदिर के पास एक कार चालक ने उनकी साइकिल रोककर बातचीत शुरू की और मौका पाकर उनकी जेब में रखे 15,530 रुपये झपटकर फरार हो गया।
घटना के दौरान फरियादी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी की कार का नंबर UP 94 AL 4382 नोट कर लिया, जिसके आधार पर थाना बीना में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने बसारी टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि संबंधित वाहन किराये पर पवन खरे को दिया गया था। आगे की पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि घटना के समय उक्त कार विनय लिटौरिया के कब्जे में थी।
वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। थाना बीना पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश जारी रखी और 18 जून 2026 को ललितपुर से उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पूछताछ में किया अपराध स्वीकार
पूछताछ के दौरान आरोपी विनय पिता राजेश लिटौरिया (23 वर्ष), निवासी आजादपुरा, तुवन मंदिर के पीछे, ललितपुर (उत्तर प्रदेश) ने वृद्ध किसान से रुपये लूटने की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये बरामद किए गए। शेष राशि के संबंध में उसने बताया कि वह रकम पार्टी एवं अन्य व्यक्तिगत खर्चों में खर्च कर दी गई।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने वृद्ध किसान को अकेला एवं असहाय देखकर वारदात को अंजाम दिया था।
आदतन अपराधी निकला आरोपी
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध थाना कोतवाली ललितपुर में पूर्व से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना बीना पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध का सफल खुलासा हुआ है, बल्कि अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश भी गया है कि सागर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनूप यादव, उप निरीक्षक निशांत भगत, उप निरीक्षक आलोक सिंह (चौकी नई बस्ती, ललितपुर), प्रधान आरक्षक गजेन्द्र तथा आरक्षक दीप सिंह भदौरिया, युधिष्ठिर, ब्रजेन्द्र सिंह, संदीप यादव, महेश एवं राहुल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More