मोतीनगर हत्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता, 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

चर्चित हत्या प्रकरण में सागर पुलिस को बड़ी सफलता, 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
सागर, 21 जून 2026। थाना मोतीनगर क्षेत्र के चर्चित हत्या प्रकरण में सागर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपियों मनु सोनी और मुख्य आरोपी यश सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी ओम अहिरवार की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 की रात विवेकानंद वार्ड स्थित गोंड बब्बा चबूतरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू पर हमला किया गया था। आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं ओम साहू भी चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ था।
घटना के बाद थाना मोतीनगर में हत्या, हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे थे।
जांच के दौरान पता चला कि फरार आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली तथा मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में ठिकाने बदल-बदलकर छिप रहे थे। पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
19-20 जून की रात रेलवे आउटर क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मनु सोनी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 20 ग्राम एमडी ड्रग भी बरामद की गई। इसके बाद लगातार दबिश देते हुए पुलिस ने 21 जून को मुख्य आरोपी यश सोनी को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपियों के नाम से सोशल मीडिया पर धमकी भरे संदेश वायरल करने वाला एक विधि-विरुद्ध बालक था, जिसका आरोपियों से कोई संबंध नहीं था। उसने केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से यह हरकत की थी।
पुलिस के अनुसार मनु सोनी के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और मारपीट सहित लगभग 25 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि यश सोनी के खिलाफ करीब 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी ओम अहिरवार की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Leave a Comment

Read More