
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस सख्त, तीन दिनों में 28 स्कूल बसों पर कार्रवाई
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर ₹35 हजार का समन शुल्क वसूल
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात मयंक चौहान के नेतृत्व में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में स्कूल बसों का विशेष सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में विगत तीन दिनों के दौरान यातायात पुलिस ने जिले में संचालित स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 28 स्कूल बसों में मोटरयान अधिनियम एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹35,000 का समन शुल्क वसूल किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई बसों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स एवं इमरजेंसी एग्जिट जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया। इसके अलावा कई वाहन चालक निर्धारित वर्दी एवं नेम प्लेट धारण किए बिना वाहन संचालित करते मिले। इन सभी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने निर्देशित किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूल संचालकों एवं वाहन संचालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
सागर पुलिस आमजन, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यातायात नियमों के प्रभावी पालन हेतु ऐसे विशेष अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी।











