
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सागर जिले के प्रत्येक बूथ पर हुए कार्यक्रम
संभागीय भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित की श्रद्धांजलि
सागर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं अखंड भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को सांगठनात्मक सागर जिले के प्रत्येक बूथ पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेताओं कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को स्मरण किया।
इस अवसर पर धर्मश्री संभागीय भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने पदाधिकारी कार्यलर्ताओं के साथ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनका सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का उद्घोष कर राष्ट्र की एकता के लिए संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 की समाप्ति के माध्यम से उनके सपनों को साकार करने का कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ की विचारधारा आज भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से देशहित, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। नई पीढ़ी को उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बलिदान दिवस के अवसर पर सागर जिले के सांगठनात्मक सागर जिले के 1334 बूथों पर स्थानीय कार्यकर्ताओ द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए,जिनमें स्थानीय नेता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रमों में डॉ. मुखर्जी के जीवन, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया साथ विभिन्न बूथों पर एक माँ के नाम अभियान के अंतर्गत पौधा रोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रीकांत जैन
जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा सागर











