
गोपालगंज पुलिस की दोहरी कामयाबी: मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्र बरामद, मेडिकल स्टोर चोरी का फरार आरोपी भी गिरफ्तार
सागर। सागर पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना गोपालगंज पुलिस ने एक ओर मंदिर से चोरी हुए तीन चांदी के छत्र बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया, वहीं मेडिकल स्टोर में चोरी और अन्य दुकानों के ताले तोड़ने वाले फरार आरोपी को भी दबोच लिया।
पहले मामले में 23 जून को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर स्थित संतोषी माता मंदिर से तीन चांदी के छत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम कनेरा निखर निवासी उमेश कुर्मी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गए तीनों चांदी के छत्र बरामद कर लिए।
दूसरे मामले में 20 जून को तिली तिगड्डा स्थित निशा मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी करने तथा आसपास की अन्य दुकानों में चोरी के प्रयास की घटना सामने आई थी। इस मामले में पहले एक आरोपी गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि फरार चल रहे आदर्श रैकवार उर्फ करिया को भी पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप एवं थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से चोरी की दोनों वारदातों का पर्दाफाश हो गया। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।











