संत कंवर राम वार्ड में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया पौधारोपण, बोले— इस मानसून सागर में लगाए जाएंगे 25 हजार पौधे

संत कंवर राम वार्ड में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने किया पौधारोपण, बोले— इस मानसून सागर में लगाए जाएंगे 25 हजार पौधे

सागर। भारतीय जनता पार्टी के डॉ. भीमराव अंबेडकर मंडल अंतर्गत संत कंवर राम वार्ड के शक्ति केंद्र पर विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन के मुख्य आतिथ्य में संगठनात्मक एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय वरिष्ठजनों एवं बूथ समिति के सदस्यों के साथ पौधारोपण कर की गई। इस अवसर पर लगभग 150 पौधे रोपे गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत बूथ समिति के सदस्यों के साथ उन्होंने संवाद किया उनसे चर्चा कर स्थानीय मुद्दों पर बात की और उनको डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन क्विज में भाग लिया तथा उनकी फीडिंग भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक  शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निरंतर प्रशिक्षण से मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को डिजिटल तकनीक के माध्यम से संगठन की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहना चाहिए।

विधायक श्री जैन ने कहा कि इस वर्ष मानसून के दौरान पूरे सागर शहर में 25 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस लक्ष्य को जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत आज संत कंवर राम वार्ड में लगभग 150 पौधों का पौधारोपण किया गया है। आगामी दिनों में प्रतिदिन किसी न किसी वार्ड, विद्यालय, महाविद्यालय अथवा अन्य सार्वजनिक स्थान पर पौधारोपण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक पौधे ऐसे कवर्ड कैंपस में लगाए जाएं, जहां उनकी नियमित देखरेख सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक पौधे की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सौंपी जाएगी, ताकि लगाए गए पौधे जीवित रहें और उनका समुचित विकास हो सके।

विधायक  जैन ने बताया कि 10 जुलाई से 16 जुलाई तक पूरे शहर में विशेष पौधारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सभी शासकीय एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, सामाजिक संस्थाएं, गौशालाएं तथा विभिन्न शासकीय कार्यालय सक्रिय भागीदारी करेंगे। प्रत्येक परिसर के लिए एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, जो पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य है कि इस बार हम सभी के सामूहिक प्रयासों से सागर को पूर्णतः हरा-भरा बनाएं। यह केवल प्रशासन या जनप्रतिनिधियों का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। हम सभी को अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य का निर्वहन करते हुए पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जनआंदोलन बनाना होगा।”

इस अवसर पर पार्षद संजय दुबे, कैलाश हसानी, बालकिशन सोनी, सतीश जैन, सुरेश हसरेजा, अनिल लालवानी, मीनू सुंदरानी, चंदू बुधवानी, हरीश दरयानी, गोविंदराम जीवितानी, आकाश आडवाणी, कालू खूबचंदानी, बूंदा महाराज, मन्नू वाधवानी, सुशील लहरवानी, सचिन संगतानी, दीपक हरजानी, बबलू चौरसिया, दीपक लोधी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय वरिष्ठजन, बूथ समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More