सागर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ढाबे से 11.42 लाख की शराब और 9.20 लाख नकदी जब्त

सागर में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ढाबे से 11.42 लाख की शराब और 9.20 लाख नकदी जब्त
सागर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बांदरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाबे पर संचालित अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 338.58 बल्क लीटर अवैध शराब, 198 बीयर केन और शराब बिक्री से प्राप्त ₹9.20 लाख नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी खुरई प्रवीण अस्थाना के मार्गदर्शन में थाना बांदरी पुलिस को सूचना मिली थी कि सौरभ ढाबा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढाबे पर दबिश देकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 1280 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब और 198 बीयर केन, कुल 338.58 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.22 लाख है। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त ₹9.20 लाख नकद भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹11.42 लाख बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सौरभ साहू (32), निवासी बांदरी और सुमित राय (22), निवासी पिठौरिया को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जबकि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुमेर सिंह जगेत, उपनिरीक्षक विजय पटेल, एएसआई देवेन्द्र श्रीवास्तव सहित थाना बांदरी के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment

Read More