
“शिक्षा से ही बदलेगा समाज का भविष्य, शासन की हर योजना विद्यार्थियों के सपनों को दे रही नई उड़ान : विधायक इंजी. प्रदीप लारिया”
(ईशुरवारा में 53 और जरुआखेड़ा में 57 निःशुल्क साईकिल वितरण, साइकिल पाकर चेहरे खिल उठे)
“एक साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ता हुआ एक सशक्त कदम है।”
उक्त उद्गार नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ईशुरवारा में 53 तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरूआखेड़ा में 57 विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश शासन की निःशुल्क साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण अवसर पर कहें।
विधायक लारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति के जीवन की दिशा और समाज की दशा दोनों बदलने का सामर्थ्य रखती है। मध्यप्रदेश शासन शिक्षा को जन-जन तक पहुँचाने और प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों का संचालन करना नहीं, बल्कि ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है, जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने की क्षमता विकसित कर सके।
उन्होंने कहा कि आज शासकीय विद्यालय किसी भी दृष्टि से पीछे नहीं हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, साइकिल, छात्रवृत्ति, मध्यान्ह भोजन, स्मार्ट कक्षाओं की सुविधा, विज्ञान एवं कंप्यूटर शिक्षा, पुस्तकालय, खेल सामग्री, प्रयोगशालाएँ तथा आधुनिक अधोसंरचना जैसी अनेक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यालयों के भवनों का उन्नयन, डिजिटल शिक्षण, नवाचार आधारित शिक्षा, प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश का शिक्षा तंत्र लगातार सशक्त बनाया जा रहा है।
विधायक लारिया ने कहा कि *शासन की योजनाएँ तभी सार्थक होंगी, जब विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आएँ, पूरे मनोयोग से अध्ययन करें और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लें। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे मोबाइल और अन्य अनावश्यक आकर्षणों से दूर रहकर पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाएँ, क्योंकि ज्ञान ही वह संपत्ति है, जिसे कोई छीन नहीं सकता।
उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। आज शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। प्रत्येक बालक और बालिका की शिक्षा केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की जिम्मेदारी है। शिक्षित युवा ही आत्मनिर्भर भारत और विकसित मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगे।
साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर प्रसन्नता स्पष्ट झलक रही थी। उन्होंने इसे शासन की संवेदनशील सोच और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने शासन की छात्र हितैषी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें न केवल विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश शासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयास निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोहन लोधी, नारद यादव, सरपंच लखन राय, कृष्ण मुरारी यादव, शोभाराम साहू, मुरारी यादव, राजा भैया, प्रदीप पाठक, राजकुमार शर्मा, धर्मेंद्र सोनी,ओमहरि पांडे , शैलेन्द्र सिंह, दिलीप नायक, आनन्द चौबे, रामबाबू यादव, प्रांशु जैन,प्राचार्य नेहा मिश्रा, प्राचार्य आरएल अहिरवार सहित गणमान्यजन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।











