नरयावली को मिली विकास की नई रफ्तार : 76.77 करोड़ रुपये से बनेगा (सागर)– पथरिया जाट- लिधौरा खुर्द– सानोधा– कर्रापुर मार्ग

नरयावली को मिली विकास की नई रफ्तार : 76.77 करोड़ रुपये से बनेगा (सागर)– पथरिया जाट- लिधौरा खुर्द– सानोधा– कर्रापुर मार्ग

(विधायक इंजी.प्रदीप लारिया के सतत प्रयासों से मिली ऐतिहासिक स्वीकृति, ग्रामीण अंचल सीधे जुड़ेंगे सागर शहर एवं प्रमुख सड़क नेटवर्क से)

सागर/28.06.2026;नरयावली विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया के प्रस्ताव एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में 30 किलोमीटर लंबे (सागर)–पथरियाजाट- लिधौरा खुर्द–सानोधा–कर्रापुर मार्ग के निर्माण हेतु 7677 लाख रुपये (76.77 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह मार्ग आने वाले समय में नरयावली विधानसभा की सड़क कनेक्टिविटी को नया आयाम देने के साथ-साथ ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी।

यह महत्वपूर्ण मार्ग गिरधारीपुरम (सागर) से प्रारंभ होकर बरगद अस्पताल के मध्य से पथरिया जाट के मुख्य मार्ग देवी मंदिर के सामने से, पामाखेड़ी, साईंखेड़ा, लिधौरा खुर्द (एफसीआई माल गोदाम), डुंगासरा, जटाशंकर मंदिर, सानोधा, सिमरिया होते हुए कर्रापुर तक निर्मित होगा। इससे वर्षों से बेहतर सड़क संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीण क्षेत्रों को सर्वसुविधायुक्त एवं सीधा आवागमन उपलब्ध होगा।

इस मार्ग का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि सागर शहर से नरयावली विधानसभा के ग्रामीण अंचलों तक एक सुदृढ़ सड़क कॉरिडोर विकसित होगा। साथ ही स्टेट हाईवे दमोह-जबलपुर को सीधा जोड़ देगी और नरसिंहपुर से आने-जाने वाले वाहनों के साथ -साथ लिधौरा खुर्द स्थित एफसीआई माल गोदाम तक भारी वाहनों की निर्बाध आवाजाही संभव होगी, जिससे खाद्यान्न परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनेगी। वहीं क्षेत्र के किसानों को अपनी कृषि उपज कम समय और कम लागत में मंडियों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।

यह मार्ग पथरिया जाट, पामाखेड़ी, साईंखेड़ा, लिधौरा खुर्द, डुंगासरा, सानोधा, सिमरिया, कर्रापुर सहित आसपास के अनेक गांवों के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा। विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक तथा आम नागरिकों को जिला मुख्यालय एवं प्रमुख मार्गों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक पहुंच प्राप्त होगी। व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, परिवहन आसान होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

इसके साथ ही क्षेत्र में प्रस्तावित एवं विकसित हो रहे अन्य सड़क संपर्कों के साथ यह मार्ग एक सशक्त कनेक्टिविटी नेटवर्क का निर्माण करेगा, जिससे नरयावली विधानसभा के ग्रामीण अंचल सागर शहर और प्रमुख राज्य मार्गों से अधिक प्रभावी ढंग से जुड़ सकेंगे। अनावश्यक दूरी कम होगी, यात्रा का समय बचेगा और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा।

धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। जटाशंकर मंदिर सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच सरल होगी, जिससे स्थानीय धार्मिक पर्यटन एवं ग्रामीण व्यापार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। भविष्य में यह सड़क क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक गतिविधियों तथा रोजगार के नए अवसरों का आधार बनेगी।

नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया द्वारा सड़क अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए किए गए निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हुई है। यह केवल एक सड़क निर्माण नहीं, बल्कि नरयावली विधानसभा के गांवों को विकास, सुविधा और समृद्धि की मुख्यधारा से जोड़ने वाला एक दूरदर्शी कदम है।

निश्चित रूप से (सागर) –पथरिया जाट- लिधौरा खुर्द–सानोधा– कर्रापुर मार्ग आने वाले समय में नरयावली विधानसभा क्षेत्र की विकास जीवनरेखा बनकर कृषि, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और जनसुविधाओं को नई गति प्रदान करेगा तथा पूरे क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास का मजबूत आधार सिद्ध होगा।

Leave a Comment

Read More