
सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: ओंकारेश्वर में नर्मदा पर बनेंगे दो नए पुल
ओंकारेश्वर, 27 जून। सिंहस्थ-2028 को लेकर ओंकारेश्वर में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आ गई है। इसी क्रम में नर्मदा नदी पर प्रस्तावित दो नए पुलों के निर्माण को लेकर शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता (सेतु) गोपाल सिंह ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री पी.के. निगम, कार्यपालन यंत्री मीणा, सब इंजीनियर प्रतीक मंडलोई, एपिकॉन ग्रुप के टेक्निकल डायरेक्टर आसित पाठक तथा कंपनी प्रतिनिधि प्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
प्रस्तावित परियोजनाओं में जेपी चौक झूला पुल (सस्पेंशन ब्रिज) और ममलेश्वर सेतु के समीप बनने वाला नया पुल शामिल है। कंपनी के प्रतिनिधि प्रकाश त्रिपाठी ने अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा निर्माण की रूपरेखा से अवगत कराया।
इस दौरान एपिकॉन ग्रुप के टेक्निकल डायरेक्टर आसित पाठक ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि यदि इन हाई लेवल ब्रिजों का निर्माण सिंहस्थ-2028 से पूर्व पूरा करना है, तो परियोजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर तत्काल निर्णय लेना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के लिए प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं में तेजी लानी होगी।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पुलों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इन पुलों के निर्माण से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं सिंहस्थ-2028 के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के सुचारु प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में अधोसंरचना विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें नर्मदा पर बनने वाले ये दोनों पुल प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं।











