
नरयावली विधानसभा के विकास कार्यों को गति देने कलेक्टर से मिले विधायक प्रदीप लारिया
सागर/29.06.2026; नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार को सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल से सौजन्य भेंट कर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। विधायक श्री लारिया ने जनहित के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा विकास कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया।
इस दौरान विधायक लारिया ने मकरोनिया स्थित सहकारी गोदाम परिसर के स्थान पर नगर विकास एवं पुनर्घनीकरण योजना के अंतर्गत पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण, नगर पालिका परिषद मकरोनिया द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स हेतु भूमि आवंटन, दिव्यांग पार्क निर्माण, लो.नि.वि.के मार्ग गयागंज पहुंच मार्ग एवं पुरानी सदर से जिंदा मार्ग के निर्माण तथा मकरोनिया एवं सदर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही गीता भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन, नगर पंचायत कर्रापुर में विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु भूमि उपलब्ध कराने, मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत मकरोनिया में निर्मित नालों के सीमांकन, मकरोनिया में पार्किंग एवं फायर सेफ्टी संबंधी आवश्यक कार्यवाही, सागर छावनी परिषद को नगरीय निकाय में विलय, सागर जनपद कार्यालय भवन निर्माण तथा प्रधानमंत्री सहित अन्य बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए संत रविदास स्मारक के समीप उपयुक्त भूमि आवंटित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विधायक लारिया ने जिला चिकित्सालय को नए स्थान पर स्थापित करने के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि उपयुक्त स्थान पर स्थापित करने के विकल्प का परीक्षण किया जाए जिससे जिले के हजारों मरीजों को सहज और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई न हो।
विधायक लारिया ने किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाते हुए किसान आईडी में खसरा रकबा नहीं जुड़ने की समस्या तथा खाद व्यवस्था पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी जनहित एवं विकास संबंधी विषयों पर आवश्यक कार्रवाई कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण का आश्वासन दिया।











