
रात्रि में घर में घुसकर मारपीट एवं धमकी देने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर भेजे गए जेल
सागर, दिनांक 28 जून 2026।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने घर में जबरन घुसकर मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने वाले चार आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दिनांक 27.06.2026 को फरियादिया अनुराधा भट्ट (उम्र 56 वर्ष), निवासी मोहननगर वार्ड, बिहारी मंदिर के पीछे, थाना मोतीनगर, सागर ने अपने पुत्र मयंक भट्ट के साथ थाना मोतीनगर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 26.06.2026 को दिन में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी शानू उर्फ साहिल सोनी ने उनके पुत्र मयंक के साथ गाली-गलौज की थी।
रात्रि लगभग 10:30 बजे आरोपी शानू उर्फ साहिल सोनी एवं स्वपनिल उर्फ बिल्लू पाठक फरियादिया के घर पहुंचे तथा दरवाजे पर लात मारकर जबरन घर में घुस गए। दोनों आरोपियों ने फरियादिया के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और मयंक को बाहर निकालने की बात कही। इसी दौरान राजकुमार उर्फ राज लोधी एवं मु. फहीम भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी गाली-गलौज एवं अभद्र व्यवहार किया। शोर सुनकर फरियादिया के पुत्र मयंक भट्ट एवं पुत्री मोनिका भट्ट बाहर आए और बीच-बचाव किया। जाते समय चारों आरोपियों ने मयंक को जान से मारने की धमकी भी दी।
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 703/2026 अंतर्गत धारा 331(6), 296, 115(2), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों—
- मु. फहीम पिता मु. हमीद, उम्र 35 वर्ष
- राज उर्फ राजकुमार लोधी पिता राजकुमार लोधी, उम्र 23 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुरा, थाना कोतवाली
- शानू उर्फ साहिल सोनी पिता संतोष सोनी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बड़ा बाजार, थाना कोतवाली
- स्वपनिल उर्फ बिल्लू पाठक पिता सुरेन्द्र पाठक, उम्र 29 वर्ष, निवासी कांच मंदिर के पास, थाना मोतीनगर
को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर सभी आरोपियों को जिला जेल दाखिल कराया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत (थाना प्रभारी, मोतीनगर), सउनि दीपचरण उइके, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक सुनील चौबे, प्रधान आरक्षक नदीम शेख, प्रधान आरक्षक कुरेश, आरक्षक सत्येन्द्र, आरक्षक अनुराग, आरक्षक मंजीत एवं आरक्षक विनीत की सराहनीय भूमिका रही।











