SAFE CLICK 2.0 का छठवां दिन: अस्पतालों और जनसेवा संस्थानों में सागर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान

SAFE CLICK 2.0 का छठवां दिन: अस्पतालों और जनसेवा संस्थानों में सागर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान


1930 हेल्पलाइन और NCRP पोर्टल की दी जानकारी, ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय


सागर, 29 जून 2026। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “SAFE CLICK 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य” अभियान के छठवें दिवस सागर जिले में अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जनसेवा केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक सेवा संस्थानों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनसेवा केंद्र संचालकों, मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, एटीएम संबंधी विवरण या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई। विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनसेवा संस्थानों में साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना हो तो बिना समय गंवाए तुरंत 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
सागर पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक, सतर्क एवं सुरक्षित बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ SAFE CLICK 2.0 अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Read More