सागर: बाइक की चाबी मांगने पर कटर से जानलेवा हमला, मोतीनगर पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सागर: बाइक की चाबी मांगने पर कटर से जानलेवा हमला, मोतीनगर पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
सागर। थाना मोतीनगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल की चाबी मांगने को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन कटर भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने इस गंभीर मामले का शीघ्र खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की रात करीब 10:15 बजे अजय पटेल अपने साथी पप्पू पटेल और नीरज पटेल के साथ शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बीएस जैन बंगले के सामने सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत के दौरान तीन युवकों ने उनसे मोटरसाइकिल की चाबी मांगी। चाबी देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कटर से तीनों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक 727/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों कृष्णा उर्फ केशू रैकवार (19), राम सोनी (19) और देवेंद्र राय (19), निवासी राजीव नगर वार्ड, सागर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन कटर भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत सहित थाना मोतीनगर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी विवेचना के आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया।

Leave a Comment

Read More