कांग्रेस की प्रेस वार्ता: एनपी प्रजापति ने महाकाल परियोजना, अयोध्या ट्रस्ट, पेपर लीक और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

कांग्रेस की प्रेस वार्ता: एनपी प्रजापति ने महाकाल परियोजना, अयोध्या ट्रस्ट, पेपर लीक और किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा
सागर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशव्यापी अभियान के तहत सागर में जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता आयोजित कर राज्य और केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने कहा कि उज्जैन के महाकाल लोक परियोजना में पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार से जुड़ी जमीनों के आसपास विकास परियोजनाओं की घोषणाएं कर उनकी कीमतें बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री के परिवार के सदस्यों के नाम पर विभिन्न भूमि स्वामित्व का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रजापति ने अयोध्या स्थित राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर में आभूषण और नकदी से जुड़े मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है तथा ट्रस्ट से जुड़े लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दान, भूमि खरीद और चढ़ावे से जुड़े मामलों का सार्वजनिक हिसाब दिया जाना चाहिए।
उन्होंने नीट सहित विभिन्न भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि बार-बार होने वाली घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। साथ ही व्यापम, नर्सिंग, पटवारी भर्ती और कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती जैसे कथित घोटालों का हवाला देते हुए सरकार पर निशाना साधा।
किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए प्रजापति ने कहा कि किसानों को समय पर खाद, पानी और कृषि संसाधन उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। डीजल और खेती की बढ़ती लागत से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने सागर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराध बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है और शाम होते ही बाजारों में सन्नाटा छा जाता है।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में नर्स के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता का संचालन डॉ. संदीप सबलोक ने किया तथा आभार कमलेश तिवारी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील जैन, प्रदेश प्रवक्ता कुंदन पंजाबी, मुकुल पुरोहित, अमित दुबे, रामकुमार पचौरी, आशीष ज्योतिषी, अभिषेक गौर, सूर्या शुक्ला, हेमलता कुर्मी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार कांग्रेस नेताओं द्वारा पत्रकार वार्ता में लगाए गए आरोपों और बयानों पर आधारित है। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब प्राप्त नहीं हो सका है।

Leave a Comment

Read More