
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुधा जैन पहुंचीं महापौर निवास, संगठन और शहर के विकास को लेकर हुई अहम चर्चा
सागर। मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की आमंत्रित सदस्य एवं पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन ने गुरुवार को सागर की महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के मुद्दों और सागर शहर के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
महापौर निवास पर वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील तिवारी, भाजपा मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी एवं सूर्यांश तिवारी ने श्रीमती सुधा जैन का आत्मीय स्वागत किया। महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बैठक के दौरान शहर में चल रहे विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, जनहित से जुड़े विषयों और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने और आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन ने महापौर श्रीमती संगीता तिवारी के नेतृत्व में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना और विकास को नई दिशा देना होना चाहिए।
महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहा है। उनके अनुभव और सुझावों से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सागर के सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम निरंतर प्रतिबद्ध है।
यह आत्मीय भेंट संगठनात्मक समन्वय और विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता का संदेश देने वाली रही, जिसमें शहर के भविष्य और जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।











