
लूट और चाकूबाजी का फरार आरोपी गिरफ्तार, मोतीनगर पुलिस ने 43 दिन बाद दबोचा
₹35 हजार की लूट और चाकू मारकर घायल करने की वारदात में चौथा आरोपी भी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
Writing
सागर: सागर जिले की मोतीनगर थाना पुलिस ने लूट और चाकूबाजी के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी करीब डेढ़ महीने से पुलिस से बचता फिर रहा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को ग्राम रिछावर निवासी मनीष सोनी सोना-चांदी के व्यापार के सिलसिले में बड़ा बाजार आए थे। उनके पास ₹35 हजार नकद थे। इसी दौरान गुलाब बाबा मंदिर के पास ऑटो और बाइक से आए आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की, चाकू से हमला किया और ₹35 हजार नकद व आधार कार्ड की फोटोप्रति लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद थाना मोतीनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच के दौरान तीन आरोपियों—ओम कोरी, निखिल बंसल और नीलेश बंसल—को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य फरार आरोपी सोनू बच्चा उर्फ राज बाल्मीकि पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से 19 वर्षीय आरोपी सोनू बच्चा उर्फ राज बाल्मीकि, निवासी संत कबीर वार्ड, सागर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, एएसआई विमल परस्ते, प्रधान आरक्षक दीपक, दिनेश, सुनील तथा आरक्षक सत्येन्द्र और अनुराग की सराहनीय भूमिका रही।











