सागर में मंदिर चोरी का 72 घंटे में खुलासा: CCTV नेटवर्क बना पुलिस का सबसे बड़ा हथियार, दो शातिर चोर गिरफ्तार

सागर में मंदिर चोरी का 72 घंटे में खुलासा: CCTV नेटवर्क बना पुलिस का सबसे बड़ा हथियार, दो शातिर चोर गिरफ्तार
सागर। गोपालगंज थाना पुलिस ने श्री देव जानकी रमण बाबा घाट मंदिर में हुई चर्चित चोरी का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी गए चांदी के मुकुट, छत्र, मुरली, पायल सहित अन्य सामान, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लोहे की रॉड और टूटा हुआ ताला भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी नेटवर्क की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में टीम ने आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और मुखबिर तंत्र के समन्वय से इस चोरी का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार, 27-28 जुलाई 2026 की रात तीन मढ़िया के सामने स्थित श्री देव जानकी रमण बाबा घाट मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर भगवान की प्रतिमाओं पर लगे चांदी के मुकुट, छत्र, मुरली और पायल चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना गोपालगंज में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से मिला पहला सुराग
जांच के दौरान घटनास्थल के पास लगे पुलिस कंट्रोल रूम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने पूरे रूट पर लगे सरकारी और निजी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही का पता चल गया।
लगातार दबिश और पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
सत्यम उर्फ सत्तू सोनी (26), निवासी दूबे तालाब के पास, थाना मोतीनगर, सागर।
विशाल सोनी (31), निवासी रामबाग मंदिर के पास, थाना मोतीनगर, सागर।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सत्यम उर्फ सत्तू सोनी आदतन चोर है और उसके खिलाफ पहले से लगभग 15 चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि पुलिस कंट्रोल रूम का सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी जांच अपराधों के त्वरित खुलासे में बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं।

Leave a Comment

Read More