
महंगाई के विरोध में कांग्रेस का बाजार भ्रमण एवं विरोध प्रदर्शन
सागर। बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा बाजार भ्रमण कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता और व्यापारियों से संवाद करते हुए खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगी शक्कर, महंगा तेल—यह देखो भाजपा के खेल” जैसे नारे लगाकर महंगाई के मुद्दे पर सरकार का विरोध किया।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है। रसोई की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी ने मध्यमवर्ग और गरीब परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यकर्ताओं ने बाजार में दुकानदारों और आम नागरिकों से चर्चा कर महंगाई के प्रभाव की जानकारी ली तथा सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।











